रजत दलाल ने किया थाने में सरेंडर
फ़रीदाबाद के थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने लापरवाही और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रजत दलाल के खिलाफ़ मामला दर्ज किया था। रजत दलाल ने सोमवार को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। रजत का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कह रहा था कि लापरवाह ड्राइविंग और बाइकर्स को टक्कर मारना जैसी घटनाएं रोजमर्रा की बात है।
यह मामला तब सामने आया जब 30 अगस्त को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें रजत दलाल को नेशनल हाइवे पर खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हुए देखा गया था। वीडियो के आधार पर पुलिस ने रजत के खिलाफ़ लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चलाने तथा आमजन के जीवन को संकट में डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान, शो-रूम के तत्कालीन कर्मचारी, जो घटना के समय मौके पर थे, उनके भी बयान दर्ज किए गए। साथ ही, पुलिस ने शो-रूम से गाड़ी का रिकॉर्ड प्राप्त करने के लिए पत्राचार भी किया था।

