बिहार में 'Bed' परफॉर्मेंस पर कट गई सैलरी
अक्सर सुर्खियों में रहने वाला बिहार का शिक्षा विभाग एक बार फिर चर्चा में है, इस बार मामला कुछ अजीबोगरीब है. दरअसल जमुई जिला शिक्षा कार्यालय से जारी आदेश पत्र में एक अंग्रेजी शब्द में गलत स्पेलिंग की वजह से शिक्षा विभाग की खूब आलोचना हो रही है और विभाग ऑनलाइन ट्रोल्स के निशाने पर है. जिस शब्द को लेकर बवाल मच रहा है वो अंग्रेजी का Bed (बिस्तर) शब्द है, जबकि इसकी जगह BAD (खराब) परफॉर्मेंस लिखा जाना था. दरअसल, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पिछले हफ्ते कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया था. इस दौरान कई शिक्षक गैर हाजिर पाए गए. अधिकारियों ने असंतोषजनक प्रदर्शन करने वाले कई और शिक्षकों की भी पहचान की थी. निरीक्षण के बाद, जमुई में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने 16 शिक्षकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का उल्लेख करते हुए एक पत्र जारी किया.

