बिहार चुनाव के बीच क्या फिर जेल जाएंगे 'छोटे सरकार'? दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह सहित पांच पर FIR
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच मोकामा सीट एक बार फिर सुर्खियों में है। जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगने से सियासत गर्मा गई है। सवाल उठ रहा है कि क्या ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर अनंत सिंह चुनाव के दौरान एक बार फिर जेल की राह पकड़ेंगे?
दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह सहित पांच लोगों पर FIR हुई है।
पटना: Bihar Election से ठीक पहले, बाहुबली पूर्व विधायक और JDU प्रत्याशी अनंत सिंह एक बार फिर गहरे विवादों में घिर गए हैं। मोकामा विधानसभा क्षेत्र सियासी रंजिश और हिंसा की चपेट में आ गया है, जिसके बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या अनंत सिंह को बिहार चुनाव के बीच फिर से जेल जाना पड़ेगा?
दरअसल, गुरुवार को मोकामा के टाल इलाके में हुई गोलीबारी और हत्या की घटना में अनंत सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है। यह मामला जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या से जुड़ा है, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
अनंत सिंह समेत पांच पर एफआईआर दर्ज
मृतक दुलारचंद यादव के पोते के बयान पर पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज की। इसमें अनंत सिंह, उनके दो भतीजे रणवीर और कर्मवीर सिंह समेत कुल पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में आरोप है कि अनंत सिंह के समर्थकों ने पहले गोली चलाई और फिर गाड़ी चढ़ाकर दुलारचंद यादव की हत्या कर दी।

