विपक्ष के आरोपों से भड़के धनखड़, कुर्सी छोड़कर उठे
विनेश फोगाट के ओलंपिक से बाहर होने को लेकर आज राज्यसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ है. दरअसल विपक्ष के नेता खड़गे ने राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की, लेकिन सभापति ने इसकी अनुमति नहीं दी. जब टीएमसी सांसद डेरेक ओब्रायन ने मुद्दे को लेकर बात करनी चाही तो सभापति जगदीप धनखड़ ने उन्हें चेतावनी दी. सभापति ने कहा कि अगर उन्होंने यही हरकत दोहराई, तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा. सभापति ने कहा, 'पूरा देश विनेश के लिए दुखी है, हर कोई दुखी है. इसका राजनीतिकरण मत करो. हम उसे वह सब कुछ देंगे जो पदक विजेता को मिलना चाहिए. हम उसे पूरी सहायता देंगे.लेकिन आप सभी से आग्रह है कि इसका राजनीतिकरण मत करो.' इस पर विपक्षी कांग्रेस-टीएमसी और अन्य ने सदन से वॉकआउट कर दिया.
इसके बाद सभापति धनखड़ नाराज हो गए और उन्होंने कहा, 'माननीय सदस्यगण, इस पवित्र सदन को अराजकता का केंद्र बनाना, भारतीय प्रजातंत्र के ऊपर कुठाराघात करना, अध्यक्ष की गरिमा को धूमिल करना, शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण माहौल पैदा करना, ये अमर्यादित आचरण नहीं है, ये हर सीमा को लांघित करने वाला आचरण है.'

