महादेव बेटिंग ऐप के 'मालिक' के खुलासे पर बोले CM भूपेश बघेल।
Chhattisgarh Raipur
छत्तीसगढ़ रायपुर : महादेव बेटिंग ऐप केस छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम घसीटे जाने पर उनकी सफाई आई है, दरअसल, महादेव बेटिंग ऐप केस में आरोपी शुभम सोनी ने दावा किया है, वह बेटिंग ऐप का मालिक है, एक वीडियो में उसने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को लेकर भी कई तरह के खुलासे किए हैं।
इस केस में नाम आने के बाद अब सीएम भूपेश बघेल ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि "आज कुछ समाचार चैनल ने एक वीडियो दिखाया है, जिसमें वह व्यक्ति यह दावा कर रहा है कि वह मुझसे मिला और मैंने उसे संरक्षण देने का आश्वासन दिया और उसे दुबई जाकर व्यवसाय करने का भी सुझाव दिया।
उन्होंने आगे कहा " मुझे आश्चर्य है कि एक अनजान व्यक्ति के बयान को सभी जिम्मेदार टीवी चैनल किस आधार पर चला रहे हैं, सिर्फ इस आधार पर कि इसमें मेरा नाम है? क्या यह मानहानि का मामला नहीं है, यह कोई रहस्य नहीं है कि ये वीडियो क्यों आया है और कैसे आया है और यह भी समझना कठिन नहीं है कि ऐन चुनाव के वक्त ऐसा बयान भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए ही जारी किया गया है।
सीएम बघेल ने कहा "यह भी हर कोई समझ रहा है कि ईडी को हथियार बनाकर ही ऐसा किया जा रहा है। दरअसल भाजपा अब ईडी के सहारे ही चुनाव लड़ रही है और मुझे बदनाम करने के लिए ईडी का इस्तेमाल कर रही है। पहली बात तो यह कि मैं इस व्यक्ति को नहीं जानता और न मैं कभी इससे उस तरह मिला हूं, जैसा कि वह दावा कर रहा है, वह किसी सभा समारोह का हिस्सा रहा हो तो मैं नहीं कह सकता।

