महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर महिला की सरेराह गोली मारकर हत्या
जमीन से जुड़े एक विवाद में पुलिस थाने से बयान देकर लौट रही महिला की उसी के भतीजे ने महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या से पहले युवक ने ताई के साथ मारपीट की।
हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें युवक मारपीट कर गोली मारते दिखाई दे रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
महिला की हत्या के आरोपी मोहित निवासी गांव खुडाना को वारदात के दो घंटे बाद ही अवैध हथियार के साथ रिवासा पुल के पास से काबू कर लिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी का मृतका से पारिवारिक रिश्ता था और भूमि विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस की ओर से आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते हुए महेंद्रगढ़ पुलिस की ओर से एफएसएल की टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और खोल बरामद कर जब्त किए। मृतका के पति दिनेश की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

