'सारा स्ट्रेस साइड रखो, अपने मेहनत पर भरोसा रखो; शांत मन से एग्जाम दो', NEET छात्रों को केजरीवाल ने दिया मंत्र
दूसरी बार हो रहे नीट के एग्जाम से पहले अरविंद केजरीवाल केजरीवाल ने वीडियो संदेश शेयर किया। उन्होंने शुरुआत में अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और परीक्षा की तैयारियों को लेकर पूछा। केजरीवाल ने कहा, 'हैलो बच्चो, कैसे हो? रविवार को नीट की परीक्षा है। तैयारी हो गई?'
नई दिल्ली: नीट का री एग्जाम 21 जून को होने वाला है। इससे पहले आज (19 जून) आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने छात्रों के लिए संदेश जारी किया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उनसे कहा कि वे सारे स्ट्रेस को साइड में रखें और अपनी कड़ी मेहनत पर भरोसा रखें।
नीट परीक्षा के लिए शुभकामनाएं
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'हेलो बच्चो, आपकी नीट परीक्षा के लिए शुभकामनाएं। सारा तनाव अब साइड में रख दो। अपनी मेहनत पर भरोसा रखो और बिल्कुल शांत मन से परीक्षा देना। आप यह कर सकते हैं।
परीक्षा की तैयारियों पर पूछा सवाल
इसके साथ ही, केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश भी शेयर किया। उन्होंने शुरुआत में अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और परीक्षा की तैयारियों को लेकर पूछा। केजरीवाल ने कहा, 'हैलो बच्चो, कैसे हो? रविवार को नीट की परीक्षा है। तैयारी हो गई?'
अच्छे से मन लगाकर पढ़ो
छात्रों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि मैं जानता हूं कि आप लोगों ने बहुत कुछ सहन किया है। एक महीने में दो-दो बार पेपर देना कोई मजाक नहीं है। एक बार नीट की परीक्षा देने में ही नानी याद आ जाती है। खैर, ये सारी बातें छोड़ो और अच्छे से मन लगाकर पढ़ो।
छात्रों की क्षमता पर भरोसा
केजरीवाल ने आगे छात्रों से शांत दिमाग से पेपर देने की अपील की। अपने संदेश में केजरीवाल ने कहा कि कुछ घंटे रह गए हैं। बहुत शांत दिमाग से पेपर देकर आना। केजरीवाल ने छात्रों की क्षमताओं पर भरोसा जताया और उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि आप शानदार सफलता हासिल करेंगे। आप सब लोग बहुत अच्छा करोगे, नीट में पास होंगे, अच्छे डॉक्टर बनोगे, आप सभी को मेरी शुभकामनाएं।
सीबीआई जांच भी है जारी
गौरतलब है कि 3 मई को नीट पेपर लीक होने के बाद मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए 21 जून को दोबारा परीक्षा हो रही है। पेपर लीक के आरोपों के कारण इसे 12 मई को रद्द कर दिया गया था। इस मामले में सीबीआई की जांच भी जारी है।
poonampal

