राजधानी एक्सप्रेस में टीटी को आया हार्ट अटैक, कोसीकलां में रोकी गई ट्रेन; नहीं बची जान
Mathura Rajdhani Express TT Death: मथुरा के कोसीकलां में राजधानी एक्सप्रेस के टीटी को सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन रोकी गई, लेकिन जान नहीं बच सकी।
ज्योति शर्मा, मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा से राजधानी एक्सप्रेस के टीटी की मौत की खबर सामने आई है। हार्ट अटैक से मौत का मामला सामने आया है। हार्ट अटैक की सूचना के बाद राजधानी एक्सप्रेस को एक बिना स्टॉपेज वाले स्टेशन पर रोका गया। इसके बाद भी टीटी की जान को बचाने में कामयाबी नहीं मिल सकी। दरअसल, मंगलवार की सुबह लगभग 9:00 बजे मुंबई से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में एक दर्दनाक घटना सामने आई। ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकर धीरज सरजू, उम्र 54 वर्ष की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इससे उनकी मौत हो गई।
धीरज सरजू वलसाड, गुजरात के निवासी थे। वह राजधानी एक्सप्रेस में ड्यूटी पर थे। यात्रा के दौरान सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। उनके साथी कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना लोको पायलट को दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, मानवता के नाते ट्रेन को तत्काल कोसीकलां स्टेशन पर रोका गया
ले जाया गया अस्पताल
टीटी धीरज सरजू को चलती ट्रेन में हार्ट अटैक आया था। ट्रेन में उन्हें उपचार देने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद ट्रेन को रोका गया।उन्हें ट्रेन से उतार कर आनन-फानन में सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि यह घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें उपचार का कोई भी मौका नहीं मिल सका। साथी टीटी ने दोपहर 1:00 बजे इस दुखद घटना की पुष्टि की।
टीटी की मौत से पूरे रेलवे कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के संबंध में मथुरा रेलवे पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की आगे की कार्यवाही कर रहे हैं।

