तिलक वर्मा का GT के खिलाफ कोहराम, IPL में जड़ा पहला शतक, अशोक शर्मा को कूटे 1 ओवर में 26 रन

मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने आईपीएल करियर का अपना पहला शतक ठोक दिया है। उन्होंने यह कारनामा गुजरात टाइटंस के खिलाफ किया। तिलक ने अशोक शर्मा के ओवर में 26 रन भी ठोके।

तिलक वर्मा का GT के खिलाफ कोहराम, IPL में जड़ा पहला शतक, अशोक शर्मा को कूटे 1 ओवर में 26 रन

अहमदाबाद: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 30वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडिंस के बीच 20 अप्रैल को खेला गया। इस मैच में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। ऐसे में मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन ठोक दिए।

मुंबई इंडियंस के लिए उनके स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने शानदार पारी खेली। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक भी ठोका। तिलक वर्मा के खिलाफ गुजरात के गेंदबाज संघर्ष करते हुए नजर आ रहे थे।

 

तिलक वर्मा ने ठोका आईपीएल में पहला शतक

गुजरात टाइटंस के खिलाफ तिलक वर्मा ने महज 45 गेंद पर शतक ठोका। वह अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 45 गेंदों की पारी में 224.44 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 101 रन बनाए। तिलक के बल्ले से 8 चौके और 7 छक्के देखने को मिले। यह मुंबई इंडियंस की तरफ से संयुक्त रूप से आईपीएल में सबसे तेज सेंचुरी है। श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या ने 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 45 गेंद में शतक लगाया था।



अशोक शर्मा को एक ओवर में कूटे 26 रन

बता दें कि मुंबई इंडियंस की पारी का 18वां ओवर लेकर गुजरात टाइटंस की तरफ से अशोक शर्मा आए थे। अशोक शर्मा अच्छी गति से गेंदबाजी करते हैं। हालांकि उनको इस ओवर में तिलक ने आड़े हाथों लिया। तिलक वर्मा ने अशोक के ओवर में कुल 26 रन बटोरे। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाया। इसके बाद लगातार 2 बॉल पर 2 चौके लगाए।

तिलक वर्मा यही नहीं रुके। इसके बाद अगली 2 बॉल पर भी तिलक वर्मा ने 2 छक्के लगाए। हालांकि आखिरी बॉल ओवर की वो कनेक्ट नहीं कर पाए और बल्ले का एज लेकर बॉल उनके शरीर पर लग गई। ओवर की आखिरी बॉल अशोक ने 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डाली थी।