चौरी-चौरा के चौमुखी विकास व जन समस्याओं के निराकरण के लिए मंडल आयुक्त को ज्ञापन
आज मंडल आयुक्त गोरखपुर को संबोधित ज्ञापन मंडल आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर मंडल आयुक्त श्री हरिओम शर्मा जी को सोप ऐतिहासिक जन क्रांति की धरती चौरी चौरा के चौमुखी विकास एवं जन समस्याओं के निराकरण हेतु निम्नलिखित 11 सूत्रीय मांगों पर विचार करते हुए संबंधित को अपने माध्यम से प्रेषित कर त्वरित कार्यवाही करवाने की मांग किया जिस पर अपर मंडल आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.
1- हमारी मांग पर शासन में लंबित ब्रह्मपुर ब्लॉक के राप्ती व गोर्रा नदी के दोआब में बसे 52 गांव का नया ब्लॉक बनाने हेतु प्रस्ताव पर जल्द से जल्द कार्यवाही कर नया ब्लॉक घोषित किया जाए.
2- ब्रह्मपुर ब्लॉक के राजधानी गांव के निकट स्थित घटूली घाट पुल जो 20 वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है का जल्द से जल्द नवनिर्माण कराया जाए.
3- वर्षों से बंद सरैया चीनी मिल का सरकार द्वारा अधिग्रहण कर उसे पुनः चलाया जाए तथा सैकड़ो चीनी मिल कर्मचारियों का वर्षों से बकाया भुगतान किया जाए.
4- चौरी-चौरा जन क्रांति में शहीद हुए दलित और पिछड़े समाज के शहीदों का नाम स्मारक मरम्मत करते समय उनकी जाति टाइटल को शहीद स्मारक से जानबूझकर हटा दिया गया जबकि सामान्य वर्ग के शहीदों के नाम के आगे से टाइटल नहीं हटाई गई जिसकी जांच कर शहीदों के जाति टाइटल को पहले की भांति लिखवाया जाए.
5- वर्षों से चौरी-चौरा में ब्रह्मपुर रोड पर स्थित "नई बाजार" को नगर पंचायत बनाने की मांग हो रही है जिस पर विचार करते हुए नई बाजार को नगर पंचायत के रूप में विकसित किया जाए.
6- चौरी-चौरा जन क्रांति में शहीद परिवारों के घर तक पक्की सड़क निर्माण व पथ प्रकाश की व्यवस्था कर उस मार्ग का नामकरण शहीदों के नाम से कर बोर्ड लगाया जाए.
7- जयरामकोल ग्राम पंचायत के मटियरा घाट पर वर्षों से पीपा पुल लगाने की मांग हो रही है कई बार ज्ञापन भी दिया गया परंतु अभी तक नहीं लगा. कृपया मटियरा घाट पर जल्द से जल्द पीपा का पुल लगाने की कार्रवाई की जाए.
8- चौरी चौरा क्षेत्र में स्थित पूर्वांचल का प्रसिद्ध तरकुलहा मंदिर के पोखर का सुंदरीकरण कराया जाए तथा यहां के सैकड़ो दुकानदारों को स्थाई व्यवस्था दिया जाए.
9- नगर पंचायत चौरी-चौरा में स्थित सी.एस.सी केंद्र पर कोई सर्जन डॉक्टर तैनात नहीं है कृपया यहां चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए.
10- चौरी-चौरा नगर पंचायत क्षेत्र में बन रहे ओवर ब्रिज के निर्माण की रफ्तार बहुत ही धीमी है जिससे आमजन को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. कृपया ओवर ब्रिज निर्माण जल्द से जल्द तेजी के साथ पूरा कराया जाए.
11- चौरी-चौरा क्षेत्र के कछार में बंधो की मरम्मत का कार्य बहुत ही धीमी गति से हो रहा है तथा बहुत ही निम्न गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है जिसकी जांच कर कार्य को तेजी के साथ गुणवत्तापूर्ण कराया जाए.

