चोर का शातिर दिमाग फेल, शोरूम में रातभर फंसा रहा... फिर जंजीरों से बांधे हाथ

चोर का शातिर दिमाग फेल, शोरूम में रातभर फंसा रहा... फिर जंजीरों से बांधे हाथ

सोनीपत के गोहाना में मुगलपुरा रोड स्थित एक चोर शोरूम की छत पर छुप कर चोरी की कोशिश करता रहा, लेकिन शटर बंद होने के चलते वह बाहर नहीं निकल सका और अलसुबह कई घंटे शोरूम में ही फंसा रहा।

वहीं, सुबह शोरूम का शटर खोला गया, तो दुकानदार और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ कर जंजीरों से बांध दिया। शोरूम संचालक ने पुलिस को भी सूचना दी। आरोपी को जंजीरों में जकड़ने के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

पहली मंजिल पर है ब्यूटी पार्लर का शोरूम

आदर्श नगर में रहने वाले सतीश कुमार ने मुगलपुरा रोड पर तीन मंजिला शोरूम बना रखा है। भूतल पर वे श्रीकृष्ण कलेक्शन के नाम से कपड़े का शोरूम चलाते हैं। पहली मंजिल पर ब्यूटी पार्लर का शोरूम है। दूसरी मंजिल पर जिम चलाया जा रहा है। शोरूम की पहली व दूसरी मंजिल को किराए पर दिया गया है।

कपड़े के शोरूम में चोरी करने के लिए घुसा था चोर

पहली व दूसरी मंजिल तक जाने के लिए भूतल पर बने शोरूम के साथ से सीढ़ियां बनाई गई हैं। वहां से एक रास्ता कपड़े के शोरूम में भी जाता है। जिम खोलने के लिए सीढ़ियों के बाहर लगाया शटर खोला गया। इसी का फायदा उठाकर आरोपित कपड़े के शोरूम में चोरी करने के लिए घुस गया।

इसके बाद उसने शोरूम के अंदर जाने के लिए इंटरलॉक टाइल मारकर शीशा तोड़ा। कुछ समय बाद जिम में लोगों की आवाजाही बढ़ गई और युवक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

टूटा शीशा देखकर मालिक को दी जानकारी

शीशा टूटा देखकर एक व्यक्ति ने शोरूम मालिक के पास फोन किया। सतीश कुमार अपने साथी के साथ शोरूम पर पहुंचे तो एक युवक अंदर मिला। चोर ने शोरूम का शीशा तोड़ने के अलावा वहां रखा गोशाला का दानपात्र भी तोड़ रखा था, जिसमें लगभग सात हजार रुपये थे।

दानपात्र से रुपये चोरी किए गए थे, जबकि शोरूम में सामान व नकदी ठीक मिले। युवक ने अपना नाम महम रोड का मोनू पुत्र नरेश बताया। उससे दानपात्र से चोरी किए गए रुपये बरामद किए गए। रुपये गोशाला कमेटी के सदस्य बनाकर दिए गए। चोर को जंजीरों के साथ शटर के सामने बांध दिया गया और पुलिस को सूचना दी।

शोरूम में चोर मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर चोरी के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है, गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। - मोहन सिंह, एसएचओ, सिटी थाना