गोरखपुर में डबल मर्डर: लूट के पैसों से गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया महंगा आईफोन, होने वाले ससुर का कर्ज चुकाया

गोरखपुर में डबल मर्डर: लूट के पैसों से गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया महंगा आईफोन, होने वाले ससुर का कर्ज चुकाया

गोरखपुर में मां और बेटी को शराब पिलाकर रजत ने बेसुध कर दिया। इसके बाद हथौड़ा से वारकर दोनों की हत्‍या कर दी। घर में रखे पैसे और जेवर लेकर फरार हो गया।

 

 यूपी के गोरखपुर में 23 नवंबर, 2025 को मां-बेटी के डबल मर्डर ने सबको चौंका दिया था। शाहपुर के घोसीपुरवा इलाके में इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा 5 दिसंबर को पुलिस ने किया था। तब से लगातार इससे जुड़े राज सामने आ रहे हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी रजत ने बताया कि चोरी का प्लान मैं कई दिनों से बना रहा था। मुझे पता था कि शांति देवी के घुटनों के इलाज के लिए कैश घर में रखा है। उनकी लड़की विमला जिसे मैं बुआ कहता था, महंगा ब्रेसलेट और अंगूठी पहनती थीं। मेरी नजर पहले से ही उनके पैसों और जेवरात पर थी, लेकिन मौका हाथ नहीं लग पा रहा था।


रजत ने बताया- 'मैंने दोनों मां-बेटी को शराब पिलाकर बेसुध करने के बाद चोरी का प्लान बनाया था। यदि इसमें असफल होता हूं तो फिर दोनों की हत्या कर दूंगा, यह मैंने पहले ही सोच रखा था। इसलिए अपने साथ हथौड़ा भी लेकर गया था। मैं अपनी प्रेमिका को उदास और उसके पिता के बढ़ते कर्ज को देख नही पा रहा था। प्रेमिका पिता के कर्ज के कारण हमेशा उदास रहती थी। मैंने उसे बता रखा था कि मैं प्रॉपर्टी का काम करता हूं। जल्द ही पैसे आएंगे तो कर्ज चुका दिया जाएगा।'


पिता को बोला- प्रॉपर्टी के काम में फायदा हुआ है

घटना को अंजाम देने के बाद रजत ने घर में रखी नगदी और जेवरात समेटे और वहां से चुपचाप निकल गया। उसके बाद प्रेमिका को लेकर कई जगह घूम फिरा। उसके पिता का कर्ज चुकाने के लिए उसे 2 लाख कैश किया। प्रेमिका को 1 लाख 20 हजार का एप्‍पल मोबाइल फोन गिफ्ट किया। उसने प्रेमिका के लिए सोने की अंगूठी भी बनवा रखी थी। दोनों जल्द ही शादी करने वाले थे। चुराए गए गहनों को उसने गलवा कर बेच दिया था। इन्हीं पैसों को उसने अपने पिता को भी 50 हजार दिए थे और बताया था कि प्रॉपर्टी के काम में फायदा हुआ है।