उगंली पर स्याही दिखाने वाला युवक निकला हिस्ट्रीशीटर, AAP सांसद के दावे की दिल्ली पुलिस ने खोली पोल
दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कल यानी 5 फरवरी को वोटिंग होनी है। इससे पहले आप सांसद संजय सिंह ने एक्स पर वीडियो शेयर कर बताया कि गांधी नगर में बीजेपी के गुंडों ने खेल शुरू कर दिया है।
वीडियो में पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे हैं जोकि स्याही लगाने का दावा करने वाले युवकों से जानकारी ले रहे हैं। अब इस पूरे मामले पर गांधी नगर थाने की पुलिस ने खुलासा किया है।
आप सांसद के उंगली पर स्याही लगाने वाले दावे की पुलिस ने पोल खोल दी है। पुलिस ने बताया कि जिस युवक ने उंगली पर स्याही लगाने का दावा किया है वह फिरोज खान पुत्र सलीम है। उसकी उम्र 40 साल है और वह कैलाश नगर , गांधी नगर का रहने वाला है। वह गांधी नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ थाने में 15 आपराधिक मामले दर्ज है। उसने बताया कि चुनाव के समय मीडिया में चर्चा बटोरने के लिए एक कहानी बनाई। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।
आप सांसद ने शेयर किया था वीडियो
इससे पहले आप सांसद संजय सिंह ने एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखा, भाइयों गांधी नगर में शुरू हो गया खेल, बिना वोट डाले वोट पड़ गया। बीजेपी के गुंडों ने उंगली में स्याही लगा दी। क्या चुनाव आयोग को ये सब कुछ नहीं दिख रहा?
वीडियो में देखा जा सकता है दोनों युवक उंगली पर लगी काली स्याही पुलिस को दिखा रहे हैं। इस पर पुलिस कर्मी कहता है कि ये तो उल्टे हाथ पर लगी है, वोटिंग के दौरान स्याही सीधी उंगली पर लगाई जाती है। इस पर युवक कहता है कि कुछ भी हो काम तो हो रहा है। युवक ने बताया कि स्याही लगाने आए युवकों ने पहचान पत्र की फोटो काॅपी ली थी, उस पर आधार कार्ड का नंबर लिखा था। जब पुलिसकर्मी पूछते है कि स्याही किसने लगाई तो युवक उन्हें कालू और हीरालाल नाम के दो युवकों का नाम बताता है।
जांच में जुटी पुलिस
युवक ने कहा कि स्याही लगाने आए युवकों ने बताया कि घर पर मशीन आएगी, तुम मत जाना वोट देने। जब पुलिस कर्मी ने स्याही लगाने आए युवकों के घर का पता पूछा तो स्याही लगी युवक ने उनको युवकों के घर का पता भी बताया। इसके बाद पुलिस दोनों युवकों को पकड़कर ले जाती है।
बीजेपी का दावा सीएम के पीए के पास मिले 5 लाख
बीजेपी ने पोस्ट कर दावा किया कि सीएम आतिशी का पीए 5 लाख रुपये के कैश के साथ पकड़ा गया। बीजेपी ने पोस्ट में लिखा कि 'खुलेआम पैसे बटवा रही हैं मार्लेना जी, दूसरे प्रदेश के लोगों को बुला रखा है अपनी विधानसभा में और कल नौटंकी करने के लिए इल्ज़ाम लगा रही थीं कि कालका विधानसभा में बाहर के लोग क्यों हैं? फिर ये कौन है? हार का डर साफ दिखरहा है आपियों को।

