नोएडा इंटरनेशल एयरपोर्ट में हाईटेक सुरक्षा इंतजाम, फायर टेंडर 2 मिनट में उड़ेल देंगे 10 हजार लीटर पानी
Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के साथ स्थानीय पुलिस भी तैनात की गई है।
ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में हाईटेक सुरक्षा इंतजाम किए गए है। यहां आधुनिक एंटी हाईजैकिंग सिस्टम लगाया गया है। देश का यह पहला एयरपोर्ट है, जहां विमान के बहुत नजदीक बोर्डिंग गेट लगाए गए है। एयरपोर्ट में दुबई की कंपनी ने फायर ब्रिगेड का इंफ्रा बनाया है। इसमें ऐसे वाहन है जो दो मिनट में चार किमी का सफर तय करके रनवे तक पहुंच जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एयरपोर्ट का शुभारंभ कर देंगे।
Noida Airportसे बहुत जल्द फ्लाइट उड़ने लगेंगी। इससे पहले यहां पर तमाम सुविधाओं को दुरुस्त कर दिया गया है। सुरक्षा पर बड़ा फोकस किया गया है। इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बकास) ने 73 पैरामीटर पर सिक्योरिटी क्लियरेंस दी है। इसमें सुरक्षा जैसे चारदीवारी, वाच टॉवर, नेविगेशन, सीसीटीवी कैमरे, चेक इन, चेक आउट आदि शामिल है। एयरपोर्ट की चाक चौबंद सुरक्षा के लिए सीआईएसएसफ के साथ स्थानीय पुलिस यहां तैनात की गई है।
आग लगने पर ये सिस्टम खुद हो जाते हैं एक्टिव
स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ एयरपोर्ट प्रबंधन ने अपना फायर ब्रिगेड डिवेलप किया है। इसका इंफ्रा दुबई की नैफको कंपनी ने तैयार किया हैं। दुबई से आई आधुनिक दमकल गाड़िया दो मिनट में 10,000 लीटर पानी का छिड़काव कर सकती हैं। वे दो मिनट के भीतर एयर साइट तक पहुंच सकती हैं। आग लगने की दशा में ये सिस्टम अपने आप एक्टिव हो जाते है। इसमें फायर पंप, पाइप नेटवर्क, हाई-प्रेशर पंप, पानी/फोम सप्लाई नेटवर्क आदि शामिल है।
एंटी हाईजैकिंग सिस्टम लगाया गया
एयरपोर्ट की चारदीवारी कंटीले तारों से लैस है, ताकि कोई घुस न सके। एयरपोर्ट में सुरक्षा के सभी उपकरण हाईटेक लगाए गए है। यह एंटी हाईजैकिंग सिस्टम लगाया गया है। यह इस तरह से काम करेगा कि किसी को भनक तक नहीं लगेगी। सुरक्षा में वर्ल्ड क्लास उपकरणों का प्रयोग किया गया है।

