नई OTT रिलीज: क्राइम थ्रिलर या फिर निकोलस केज का स्पाइडर अवतार, 6 फिल्में और सीरीज, क्या देखेंगे?
ओटीटी के पिटारे में मई महीने के इस आखिरी हफ्ते में वैसे तो 6 बेहतरीन फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हो रही हैं, लेकिन यह भी आश्चर्य है कि इस बार कोई मूल हिंदी सीरीज या फिल्म नहीं है। हालांकि, आपको एक्शन-थ्रिलर से लेकर सुपरहीरो के रोमांच तक, नई OTT रिलीज में हर तरह का स्वाद मिलने वाला है। देखिए लिस्ट-
तपती गर्मी में घर बैठे मनोरंजन की बाट जोह रहे दर्शकों के लिए यह हफ्ता थोड़ा अलग रहने वाला है। ऐसा इसलिए कि OTT पर नई रिलीज की लिस्ट में इस बार अभी तक कोई नई हिंदी फिल्म या वेब सीरीज नहीं है। जी हां, यकीनन यह थोड़ा आश्चर्य है। लेकिन फिर भी 6 ऐसे नए टाइटल रिलीज हो रहे हैं, जो मनोरंजन की हर कसर को पूरी कर देंगे। इनमें सबसे ऊपर धनुष और ममिता बैजू की तमिल एक्शन-थ्रिलर 'कारा' है, जो हिंदी डब वर्जन में भी दस्तक दे रही है। इसके अलावा Marvel के फैंस के लिए 1930 के दशक के न्यूयॉर्क की सैर है, जहां निकोलस केज, Spider-Noir वेब सीरीज लेकर आ रहे हैं। इसके अलावा एमा मायर्स 'ए गुड गर्ल्स गाइड टू मर्डर' का दूसरा सीजन ला रही है, जो पहले से ज्यादा गहरा और अजीब होने वाला है। साथ ही टीना और और उसके दोस्तों का प्यारा ग्रुप, 'द फोर सीजन्स' के दूसरे सीजन में छुट्टियों की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाएगा।
आइए, फिर बिना देर किए एक नजर डालते हैं 25 मई से 31 मई के बीच नई OTT रिलीज की इस लिस्ट पर-
Kara (May 28)
कहां देखें- Netflix
Dhanush And Mamita Beju की यह फिल्म एक तमिल ग्रामीण एक्शन थ्रिलर है। कहानी एक कैंटीन में काम करने वाले कारा की है, जो असल में कभी छोटी-मोटी चोरी करता था। लेकिन अब वह परिवार के साथ शांत जीवन जी रहा है। आर्थिक तंगी से जूझ रहा कारा अपने गांव लौटता है, ताकि पैतृक जमीन के एवज में कर्ज लेकर अपना होटल शुरू कर सके। लेकिन गांव पहुंचने पर उसे पता चलता है कि उसे पिता एक भ्रष्ट बैंक मैनेजर की जाल में फंसकर कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। कहानी में आगे हमें पता चलता है कि कारा के पिता अकेले नहीं है। गांव के कई असहाय लोगों की जमीन पर इस बैंककर्मी की नजर है। हालात तब बदलते हैं जब कारा के पिता की मौत हो जाती है और उन्हें अपनी ही जमीन में दफनाने नहीं दिया जाता है। कारा बदले की आग में झुलस रहा है और वह एक गैंग के साथ बैंक में डकैती डालता है। देखते ही देखते डकैतियों का सिलसिला चल पड़ता है और यह अन्याय के खिलाफ आंदोलन का रूप ले लेता है। आप यह फिल्म हिंदी डब वर्जन में भी 28 मई से Netflix पर देख सकते हैं।
Spider-Noir (May 27)
कहां देखें- Prime Video
निकोलस केज ने पहली बार 2018 में एनिमेटेड ब्लॉकबस्टर फिल्म Into the Spider-Verse में Spider-Man Noir को अपनी आवाज दी थी। अब वह एक नई आठ-एपिसोड वाली Marvel वेब सीरीज में इसी किरदार के रूप में लौट रहे हैं। यह इस साल की सबसे अनोखी सुपरहीरो सीरीज है। कहानी 1930 के दशक के Depression-era वाले न्यूयॉर्क की है। निकोलस केज ने इसमें बेन रेली का किरदार निभाया है, जो एक नाकाम, शराब में डूबा हुआ प्राइवेट जासूस है। वह कभी शहर में 'स्पाइडर' के नाम से मशहूर नकाबपोश रक्षक हुआ करता था। कहानी तब बदलती है, जब एक निजी दुखद घटना उसे अपने अतीत का सामना करने पर मजबूर कर देती है। बेन को वापस जुर्म की दुनिया में लौटना पड़ता है। यह सीरीज दो फॉर्मेट असली Black and White और True-Hue Full Colour, में रिलीज होने वाली है। आप इसे 27 मई से Prime Video पर देख सकते हैं।
A Good Girl’s Guide to Murder Season 2 (May 27)
कहां देखें- Netflix
एमा मायर्स इस ग्लोबल हिट के दूसरे सीजन में एक बार फिर बेबाक पिप फिट्ज-अमोबी के रूप में वापसी कर रही हैं। यह सीजन अब हॉली जैक्सन के दूसरे नॉवेल, 'गुड गर्ल, बैड ब्लड' पर आधारित है। एंडी बेल केस को सुलझाने के बाद पिप ने तय कर लिया है कि वह अब जासूसी के मामलों को पीछे छोड़कर अपनी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाएगी। लेकिन जब कॉनर का भाई जेमी रेनॉल्ड्स (ईडन एच. डेविस), जो मैक्स हेस्टिंग्स के आने वाले ट्रायल में एक अहम गवाह है, अचानक गायब हो जाता है, तो पिप को फिर से इस मामले में शामिल होना पड़ता है। जैन इकबाल इसमें रवि सिंह के किरदार में वापसी कर रहे हैं। साथ ही इस बार मिसिया बटलर, जैक रोवन और फ्रेडी इंग्लैंड जैसे नए कलाकार भी हैं। आप 'ए गुड गर्ल्स गाइड टू मर्डर सीजन 2' बुधवार, 27 मई से Netflix पर देख सकते हैं।
Four Seasons Season 2 (May 28)
कहां देखें- Netflix
पिछले साल 2025 में एक दिल तोड़ने वाले अंत के बाद, टीना फे, विल फोर्टे, कोलमैन डोमिंगो, मार्को कैल्वानी, केरी केनी-सिल्वर और एरिका हेनिंगसेन दूसरे सीजन के लिए वापस आ रहे हैं। यह सीजन निक (स्टीव कैरेल) को खोने के दुख से शुरू होता है और यह सवाल उठाता है कि दोस्तों का एक ग्रुप इतनी बड़ी कमी के बावजूद खुद को फिर से कैसे संभालता है। ये छह मुख्य किरदार साथ में छुट्टियों पर जाने की अपनी परंपरा को जारी रखते हैं। इस बार वे जर्सी और अपस्टेट न्यूयॉर्क से लेकर इटली तक का सफर करते हैं। इस सफर में उनके साथ एक बच्चा भी है। इस ग्रुप के बीच कई अधूरे रोमांटिक रिश्ते सामने आने लगे हैं। यह 'फोर सीजन्स' एलन एल्डन की 1981 की फिल्म से प्रेरित है। आप इसे 28 मई से Netflix पर स्ट्रीम कर सकते हैं।
Brazil ’70: The Third Star (May 29)
कहां देखें- Netflix
1970 में ब्राजील की टीम मेक्सिको में हुए वर्ल्ड कप में देश की उम्मीदों और 1962 की हार की शर्मिंदगी का बोझ लेकर पहुंची थी। जून के उन चार हफ्तों में जो कुछ हुआ, वह फुटबॉल के इतिहास का सबसे यादगार प्रदर्शन बन गया। यह छह एपिसोड वाली ब्राजीलियाई ड्रामा मिनी-सीरीज उस सफर को गहराई से दिखाती है। इसमें बड़े-बड़े स्टेडियमों के नजारों, उस दौर के माहौल और किरदारों के निजी जीवन के ड्रामा को मिलाकर 'सेलेकाओ' (ब्राजील टीम) के कैंप को जिंदा किया गया है। लुकास एग्रीकोला ने सीरीज में पेले का किरदार निभाया है, रोड्रिगो सैंटारो ने जोशीले और बाद में हटा दिए गए कोच जोआओ साल्दान्हा का रोल निभाया है और ब्रूनो माजियो ने मारियो जगालो का किरदार निभाया है। इस टीम में रावेल एंड्राडे (टोस्टाओ), कैओ कैब्राल (कार्लोस अल्बर्टो), गुई फेराज (जैरजिन्हो) और डैनियल ब्लैंको (रिवेलिनो) जैसे कलाकार भी शामिल हैं। यह सीरीज 2026 के FIFA वर्ल्ड कप से ठीक पहले 29 मई को Netflix पर रिलीज हो रही है।
Murder Mindfully Season 2 (May 29)
कहां देखें- Netflix
जर्मनी का सबसे मजेदार हिट शो वापस आ गया है। 'मर्डर माइंडफुली' के दूसरे सीजन की कहानी ब्योर्न डिमेल (टॉम शिलिंग) से शुरू होती है, जो एक काम के प्रति जुनूनी वकील है, जिसने पूरी तरह से माइंडफुलनेस को अपना लिया है। उसने चुपचाप उन दो माफिया गिरोहों के सरगनाओं को खत्म कर दिया है, जिनका वह कोर्ट में प्रतिनिधित्व कर रहा था। अब उसे दोनों आपराधिक साम्राज्यों को इस तरह से संभालना है कि किसी को भी उनके सरगनाओं के साथ क्या हुआ, इसका पता न चले। इस सीजन में उसकी सबसे बड़ी चुनौती माफिया नहीं है, बल्कि उसके खुद के अंदर का बच्चा है, जो पुराने जख्मों और आदतों के बारे में असहज सवाल लेकर सामने आता है। पीटर जॉर्डन माइंडफुलनेस कोच जोश्का ब्रेटनर के रूप में वापसी कर रहे हैं। साथ ही सीजन 2 में ब्रिटा हैमेलस्टीन, मुराथन मुस्लू, एमिली कॉक्स और फ्रीडेरिक केम्प्टर भी नजर आएंगे। यह सीरीज कार्सटन डुसे की बेस्टसेलर नॉवेल सीरीज पर आधारित है।

