लड़की का हाथ मरोड़ा फिर कर दी थप्पड़ों की बारिश... नोएडा के गर्ल्स पीजी में क्यों मची 'महाभारत'
THE BHARAT NEWS, NOIDA
Noida Girls PG News: नोएडा सेक्टर-62 के एक पीजी में युवती और संचालिका के बीच झगड़ा हो गया। संचालिका पर युवती को धक्का देने और हाथ मरोड़ने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो वायरल होने पर सेक्टर-58 पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। कमरा खाली करने और एडवांस रकम को लेकर विवाद की जांच जारी है।
नोएडा गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा पर हमला
मनीष सिंह, नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-62 में एक पीजी खाली करने के विवाद के दौरान संचालिका ने एक युवती के साथ झगड़ा कर लिया। आरोप है कि झगड़े के दौरान संचालिका ने युवती को धक्का दिया और उसका हाथ मरोड़ दिया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अब सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने संचालिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 में स्थित विपिन राज होम्स नाम के पीजी, जिसे रितु और विपिन संचालित करते हैं। इसमें केवल युवतियां रहती हैं। बुधवार को इस पीजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। करीब 1 मिनट 13 सेकंड के इस वीडियो में रिसेप्शन क्षेत्र के पास संचालिका रितु को एक युवती का हाथ पकड़कर मरोड़ते और थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान बाहर से एक युवक युवती की मदद करने की बात करता सुनाई दे रहा है, जबकि पीजी संचालक विपिन वीडियो में युवती को धमकाते हुए दिख रहा है। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है।
मेस के खाने से शुरू हुआ विवाद
सेक्टर-58 कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पीजी में कमरा खाली करने और एडवांस रकम को लेकर विवाद हुआ था। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया और वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पीजी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।
युवती के अनुसार मेस में खाने को लेकर पहले से ही विवाद चलता आ रहा था। इसी वजह से पीजी संचालिका ने करीब एक महीने पहले युवती को कमरा खाली करने का नोटिस दिया था, जिसके बाद एडवांस राशि को लेकर विवाद बढ़ गया।

