बवाना में युवक की गोली मारकर हत्या, एक गिरफ्तार; मर्डर की चौंकाने वाली वजह आई सामने
बवाना थाना क्षेत्र में युवक के सिर में गोली मारकर हत्या करने वाले फरार एक आरोपित को पुलिस ने वारदात के 48 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार दूसरे आरोपित की पुलिस तलाश कर रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह रविवार की रात अपने एक दोस्त के साथ बैठकर शराब पी रहा था। तभी मृतक उसके पास आया, जहां उससे किसी बात पर कहासुनी हुई। फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी।
घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्स ने बताया कि बीते पांच जनवरी को एक पीसीआर काल मिली। बताया गया कि गोली लगने से घायल युवक को पूठखुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस के अस्पताल पहुंचने पर घायल की पहचान बवाना निवासी नरेंद्र के रूप में हुई। जो बयान देने की स्थिति में नहीं था। घायल के स्वजन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस कंझावला रोड, इंद्रराज कॉलोनी स्थित घटनास्थल पर पहुंची।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने बनाई एक टीम
जहां खून बिखरा मिला, वहीं, तीन खाली खोखे समेत एक कारतूस मिले। पास में ही घायल की गाड़ी भी खड़ी मिली। घटनास्थल पर एफएसएल व क्राइम टीम को बुलाया गया। जहां टीम ने कई साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या की कोशिश व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस बीच पुलिस को पता चला कि घायल की एलएनजेपी अस्पताल मौत हो गई है। हत्या की धारा में मामला दर्ज कर आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस (Delhi Police) एक टीम गठित की।
दोनों आरोपितों ने नरेंद्र की जमकर की थी पिटाई
इस दौरान टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज से आरोपित की पहचान कर गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित अभिषेक को बवाना से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित अभिषेक ने हत्या में अपनी भूमिका और संलिप्तता कबूल की। आरोपित ने खुलासा किया कि वारदात वाली रात करीब 10 बजे, वह अपने एक दोस्त योगेश एक साथ शराब पी रहा था, उसी समय नरेंद्र उर्फ नन्हा आया।
उनके बीच झगड़ा होने लगा, क्योंकि उनके बीच पुरानी दुश्मनी थी। पहले दोनों आरोपितों ने नरेंद्र की जमकर पिटाई की। फिर आरोपित आरोपी योगेश ने नरेंद्र पर कई फायर किए। एक गोली मृतक के सिर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए थे।


sachin sharma