नाहन के मलगांव में खिसक रहा पहाड़, खतरे में 15 मकान…60 लोगों के अलावा दर्जनों पशु बेघर
नाहन, 20 जुलाई : विकास खंड की नेहलीधीड़ा पंचायत में 15 घर खतरे की जद में आ गए हैं। जलाल नदी (Jalal River) के आर ‘पहाड़’ के भीतर हलचल बढ़ने से भूस्खलन (Landslide) हो रहा है। पंचायत ने 15 घरों को खाली करवा लिया है। तकरीबन 60 लोगों को आसपास सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है। गांव से 20 बकरियों के अलावा दो दर्जन से अधिक दुधारू व अन्य पशुओं को भी सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है।
लगातार भूस्खलन के कारण घरों में दरारें पड़ गई हैं। यहां तक की पक्के मकानों के पिलर भी खिसक रहे हैं, जमीनें में दरारें पड़ रही हैं। साथ ही खेत धंस रहे हैं। बता दें कि इलाके को ‘डेंजर जोन’ (Danger Zone)भी घोषित किया गया है। क्षेत्र में निर्माणाधीन घरों की दीवारें भी तिरछी हो गई हैें। हालांकि, भू गर्भ वैज्ञानिकों की राय नहीं मिली है, लेकिन मौके की तस्वीरें इस बात को प्रमाणित कर रही हैं कि यें घर अब रहने के लिए सुरक्षित नहीं हैं।


Pardeep kumar