गर्लफ्रेंड के लिए पाकिस्तान पहुंचा अलीगढ़ का बादल, मां ने PM Modi से लगाई मुक्त कराने की गुहार

बरला/अलीगढ़। प्यार में पाकिस्तान की सीमा पार करने वाले बादल बाबू की मां गायत्री देवी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। कहा है कि मेरे बेटे को पाकिस्तान से मुक्त कराकर सकुशल वापस लाया जाए। इसके बाद अगर वह पाकिस्तानी युवती से शादी करना चाहता है तो वो भी स्वीकार होगा। बुधवार को दिनभर बादल के घर पर लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीण व रिश्तेदारों ने पहुंचकर स्वजन को ढांढस बंधाया। पिता कृपाल सिंह ने कहा कि बेटे को मुक्त कराने की मांग को लेकर तहरीर तैयार कर ली है। गुरुवार को थाने में तहरीर देंगे। डीएम, एसएसपी व सांसद को भी प्रार्थना पत्र देंगे। 27 दिसम्बर को पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार बरला क्षेत्र के गांव खिटकारी के कृपाल सिंह के बेटे बादल बाबू को 27 दिसंबर को मंडी बहाउद्दीन इलाके से पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया। वीजा या दस्तावेज मांगे तो, वह नहीं दे सका। उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। समाचार वेबसाइट्स पर पाकिस्तानी पुलिस के हवाले से दावा है कि उसने दो बार पहले भी सीमा पार करने की कोशिश की थी। बादल आठ साल से दिल्ली की कंपनी में सिलाई का काम कर रहा था। उसकी फेसबुक पर किसी पाकिस्तानी युवती से दोस्ती हुई, फिर प्यार हो गया। अचानक दिल्ली से गायब हुआ था दीपावली से 15 दिन पहले अचानक वह दिल्ली में किराये के मकान से गायब हो गया। पिता कृपाल सिंह ने फोन किया तो बोला कि दीपावली पर आ जाऊंगा। दीपावली से एक दिन पहले 30 अक्टूबर को घर पर वीडियो काल किया। कहा, जहां आना था, वहां आ गया हूं। जगह नहीं बताई। ये भी कहा कि जब फोन ले लूंगा तो स्वयं ही फोन करूंगा। मंगलवार को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली तो स्वजन हैरान रह गए। पुलिस ने भी घर जाकर पूछताछ की। बुधवार को एलआइयू कर्मियों ने पहुंचकर जानकारी ली। इसके अलावा लोगों के आने-जाने का सिलसिला लगा रहा। डीएम और एसएसपी ने मदद की लगाएंगे गुहार पिता अधिवक्ता की मदद से प्रार्थना पत्र तैयार करवाने में लगे रहे। बोले कि गुरुवार को थाने जाएंगे। डीएम-एसएसपी व सांसद से भी मदद की गुहार लगाएंगे। मां गायत्री देवी बेटे की सकुशल लौटने की कामना करते हुए फफकती रहीं। बोलीं कि किसी तरह बेटा लौट आए। इसके बाद उसकी जो इच्छा होगी, वह स्वीकार होगी। वह पाकिस्तानी युवती के साथ शादी करके रहना चाहेगा तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। महिलाओं ने उन्हें ढांढस बंधाया।

गर्लफ्रेंड के लिए पाकिस्तान पहुंचा अलीगढ़ का बादल, मां ने PM Modi से लगाई मुक्त कराने की गुहार