ऐसा मंजर कि रूह कांप जाए... म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप के ये 8 वीडियो देखकर हिल जाएंगे आप
रिक्टर पैमाने पर तीव्रता थी 7.5. इसके 12 मिनट बाद ही 7 तीव्रता के आफ्टरशॉक ने दोनों देशों को हिला दिया. भूकंप के इस कंपन का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि म्यांमार से करीब 1300 किलोमीटर दूर थाईलैंड उसके झटकों से थर्रा गया. कई इमारतें वहां जमींदोज हो गईं. असर भारत में कोलकाता और इम्फाल तक देखने को मिला. भूकंप से तबाही की कई तस्वीरें सामने आ रही हैं. कई इमारतें तो पल भर में तबाह हो गईं. म्यांमार के सरकारी मीडिया के अनुसार 7.5 तीव्रता के भूकंप के बाद राजधानी और दूसरे सबसे बड़े शहर में आपातकाल लगा दिया गया है. देखिए इस भूकंप के वे वीडियो जो पूरी दुनिया को दहशत में डाल रहे हैं...
नैशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलजी की साइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर भूकंप का पहला झटका आया. यह सबसे तेज झटका था. म्यांमार में इस भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर नीचे था. हालांकि भूकंप पर नजर रखने वाली अमेरिकी सरकार की भू-वैज्ञानिक संस्था USGS.gov ने भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी.
भूकंप की वजह से बैंकॉक में ऊंची-ऊंची छतों पर बने पूलों से पानी बहकर किनारे पर आ गया और कई इमारतों से मलबा गिरने लगा.सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक बहुमंजिला इमारत, जिसके ऊपर एक क्रेन थी, को धूल के गुबार में ढहते हुए दिखाया गया, जबकि वहां मौजूद लोग चीखते-चिल्लाते हुए भाग रहे हैं.म्यांमार की राजधानी नेपीडॉ और सबसे बड़े शहर यंगून में भूकंप के बेहद शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए. मांडले क्षेत्र में कई इमारतें ढह गईं, मांडले और यंगून के बीच कई सड़कों के बीच बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं.

