Box Office: मंगलवार को 'बंगाल फाइल्‍स' चहकी, 'परम सुंदरी' के उड़े होश, 'मद्रासी', 'द कॉन्ज्यूरिंग 4' ने धो डाला

Box Office: मंगलवार को 'बंगाल फाइल्‍स' चहकी, 'परम सुंदरी' के उड़े होश, 'मद्रासी', 'द कॉन्ज्यूरिंग 4' ने धो डाला

मंगलवार को सस्‍ती टिकटों से बॉक्‍स ऑफिस पर फायदा मिला है। 'द बंगाल फाइल्‍स' की कमाई में हल्‍का सुधार हुआ है। जबकि 'परम सुंदरी' की कमाई भी बढ़ी है, लेकिन यह लाखों में सिमट गई। 'द कॉन्‍ज्यूरिंग 4' और 'मद्रासी' ने सबसे अध‍िक कमाई की है।

 

मंगलवार को 'बंगाल फाइल्‍स' चहकी, 'परम सुंदरी' के उड़े होश, 'मद्रासी', 'द कॉन्ज्यूरिंग 4' सब पर भारी

विवेक अग्‍न‍िहोत्री के डायरेक्‍शन में बनी 'द बंगाल फाइल्‍स' की मुश्‍क‍िलें भले कम होती नहीं दिख रही हों, लेकिन मंगलवार को 'ट्यूजडे ऑफर' ने इसे थोड़ी राहत जरूर दी है। रिलीज के 5वें दिन इसकी कमाई सोमवार के मुकाबले थोड़ी बढ़ी है, जिसकी वजह मंगलवार को अध‍िकतर सिनेमाघरों में रियायती टिकटें रही हैं। हालांकि, यह फिल्‍म पांच दिन बाद भी देश में 10 करोड़ रुपये नहीं कमा पाई है। दूसरी ओर, सिद्धार्थ मल्‍होत्रा और जान्‍हवी कपूर की 'परम सुंदरी' भी अब हिचकोले खा रही है। सोमवार के बाद मंगलवार को 12वें दिन भी यह लाखों में सिमट गई है। एआर मुरुगदॉस के डायरेक्‍शन में बनी 'मद्रासी' और हॉलीवुड की हॉरर फिल्‍म 'द कॉन्‍ज्यूरिंग 4' इस वक्‍त देश में सबसे अध‍िक कमाई कर रही फिल्‍में हैं। हालांकि, हिंदी में इनका जोर भी बहुत अध‍िक नहीं दिख रहा है।

'
द बंगाल फाइल्‍स' बीते शुक्रवार को टाइगर श्रॉफ की 'बागी 4' के साथ रिलीज हुई थी। वैसे तो दोनों ही फिल्‍में दर्शकों को रिझाने में नाकाम दिख रही हैं, लेकिन फिर भी टाइगर-हरनाज की फिल्‍म बेहतर हालत में है। 'बागी 4' ने रिलीज के 5वें दिन देश में 4.00 करोड़ रुपये  कमाए हैं और इसका टोटल कलेक्‍शन 39.75 करोड़ रुपये तक पहुंचा है।

 

'द बंगाल फाइल्‍स' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन



'द बंगाल फाइल्‍स' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन डे 5

sacnilk के मुताबिक, 'द बंगाल फाइल्‍स' ने पांच दिनों में देश में महज 9.19 करोड़ रुपये का नेट कलेक्‍शन किया है। 50 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्‍म हालत बहुत अच्‍छी नहीं है। फ्रेंचाइज की पिछली फिल्‍म विवादित और ब्‍लॉकबस्‍टर 'द कश्‍मीर फाइल्‍स' ने 5 दिनों में 60.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। जहां तक मंगलवार की कमाई की बात है तो 'द बंगाल फाइल्‍स' ने 1.29 करोड़ का बिजनस किया है। एक दिन पहले सोमवार को इसने 1.15 करोड़ रुपये कमाए थे।

'द बंगाल फाइल्‍स' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन



'परम सुंदरी' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन डे 12

दूसरी ओर, सिद्धार्थ मल्‍होत्रा और जान्‍हवी कपूर की 'परम सुंदरी' अब ठंडे बस्‍ते में जाती दिख रही है। सोमवार को 75 लाख रुपये कमाने वाली इस रोमांटिक फिल्‍म ने मंगलवार को 85 लाख रुपये का कारोबार किया है। 12 दिनों में यह फिल्‍म देश में 47.60 करोड़ रुपये ही कमा पाई है। तुषार जलोटा के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्‍म का बजट 60 करोड़ रुपये है। इस फिल्‍म को अभी 'एवरेज' साबित होने के लिए भी 12.40 करोड़ रुपये कमाने होंगे, जो थोड़ी टेढ़ी खीर लग रही है।

'द कॉन्ज्यूरिंग: लास्‍ट राइट्स' कलेक्‍शन



'द कॉन्ज्यूरिंग: लास्‍ट राइट्स' कलेक्‍शन डे 5

भारतीय सिनेमाघरों में बीते कुछ समय में हमने हॉलीवुड की फिलमों का जोर देखा है। फिर चाहे F1 हो, 'जुरासिक वर्ल्‍ड रीबर्थ' हो या फिर 'मिशन इम्‍पॉसिबल 8', अब ऐसा ही कुछ ' The Conjuring the Last Rights रही है। यह फिल्‍म बाकी किसी भी फिल्‍म से अध‍िक कमाई कर रही है। मंगलवार को 'द कॉन्ज्यूरिंग 4' ने देश में 5.50 करोड़ रुपये कमाए हैं। खास बात यह है कि इसने हिंदी और अंग्रेजी में 2.50-2.50 करोड़ की कमाई की है। पांच दिनों में इस हॉरर फिल्‍म ने भारत में 61.00 करोड़ रुपये कमा लिए हैं, जो 'परम सुंदरी' के बजट से भी अध‍िक है।

 

'मद्रासी' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन



'मद्रासी' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन डे 5

इन सब के बीच एआर मुरुगदॉस के डायरेक्‍शन में बनी 'मद्रासी' भी साउथ की सिनेमाघरों में अच्‍छा खासा दम दिखा रही है। हिंदी में ' Dil Madarasi  के नाम से रिलीज शिवकार्तिकेयन और विद्युत जामवाल की इस फिल्‍म ने मंगलवार को 3.15 करोड़ कमाए हैं। पांच दिनों में इसने देश में 44.45 करोड़ रुपये का टोटल नेट कलेक्‍शन किया है। हालांकि, हिंदी में इसकी हालत पस्‍त है, जहां से पांच दिनों में सिर्फ 45 लाख का कारोबार हुआ है।

 #thebharatnews