उत्तर प्रदेश उन्नाव : बुधवार को भी रहेगी हड़ताल, न्यायिक कार्य से विरत रहेगा बंद, अधिवक्ताओं ने DGP व मुख्य सचिव का पुतला फूंका।
Unnao Uttar Pradesh
उत्तर प्रदेश उन्नाव : हापुड़ में वकीलों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज मामले के विरोध में उन्नाव में कई दिन से वकील आंदोलित हैं। इसी क्रम में मंगलवार को अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। बार काउंसिल के निर्देश पर अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए न्यायालय के बाहर सड़क पर डीजीपी ओर मुख्य सचिव का पुतला फूंक कर विरोध जताया है। अधिवक्ताओं ने कहा कि हापुड़ की घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों का स्थानांतरण और लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों पर एफआईआर दर्ज की जाए।

उन्नाव बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने मंगलवार न्यायिक कार्य नहीं किया। कार्य बहिष्कार करते हुए उन्होंने हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में धरना दिया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामसुमेर सिंह, महामंत्री अजय गौतम व अन्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने एक दिन पहले डीएम कार्यालय में सीएम को संबोधित करते हुए ज्ञापन दिया था। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामसुमेर सिंह ने कहा कि उनकी मांग है कि पूरे प्रदेश में अधिवक्ताओं पर जो झूठे मुकदमे लिखे गए हैं। उन्हें वापस लिया जाए। प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए।

इसके अलावा हापुड़ में पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में जो अधिवक्ता घायल हुए हैं। उन्हें सरकार की ओर से मुआवजा भी दिया जाए। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अधिवक्ताओं की समस्या के निस्तारण के लिए बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के सदस्यों से वार्ता भी की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार अधिवक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण नहीं करती है। तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
पूर्व बार एसोसिएशन अधिवक्ता सतीश शुक्ला ने अपने साथी अधिवक्ताओं के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी ओर मुख्य सचिव का पुतला फूंकते हुए नारेबाजी की। उन्होंने कहा बार काउंसिल की ओर से जो निर्देश मिले है। उस हिसाब से बुधवार को भी हड़ताल रहेगी। हापुड़ में अधिवक्ताओं के साथ हुए लाठीचार्ज के मामले कहा कि इस तरह की बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई हो।

