लालू यादव के बड़े बेटे और बिहार सरकार के पूर्व पर्यावरण मंत्री रहे तेज प्रताप यादव ने सुशील मोदी का हाल जानने के लिए उनके आवास पर उनसे मुलाकात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
बिहार में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने 3 अप्रैल को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट करते हुए सभी को अपनी बीमारी की जानकारी दी थी. उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया था कि वह पिछले 6 महीनों से कैंसर से जूझ रहे हैं और आगामी लोकसभा चुनाव में वो पार्टी के लिए कुछ नहीं कर पाएंगे. उन्होंने साथ ही यह भी बताया था कि उन्होंने इसकी जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दे दी है. इसके बाद हाल ही आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव समेत तमाम सियासी दिग्गजों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
इसी बीच लालू के बड़े बेटे और बिहार सरकार के पूर्व पर्यावरण मंत्री रहे तेज प्रताप यादव ने सुशील मोदी का हाल जानने के लिए उनके आवास पर उनसे मुलाकात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की. सुशील मोदी से मुलाकात के बाद तेज प्रताप ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "आज राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मेरे पिता के प्रारंभिक राजनीतिक जीवन के साथी रहे, राज्यसभा सदस्य आदरणीय सुशील कुमार मोदी जी से उनके आवास पर मिलकर स्वास्थय लाभ की कामना की. वो जल्द स्वस्थ हों, यही मेरी ईश्वर से प्रार्थना है."

