एशिया कप 2025 में अपने अभियान का आगाज आज UAE के खिलाफ करेगा भारत, पाकिस्तान मैच से पहले बैलेंस की तलाश

एशिया कप 2025 में अपने अभियान का आगाज आज UAE के खिलाफ करेगा भारत, पाकिस्तान मैच से पहले बैलेंस की तलाश

एशिया कप 2025 में भारत अपने अभियान का आगाज आज यानी 9 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलकर करने जा रहा है। बता दें कि भारत का अगला मैच पाकिस्तान से 14 सितंबर को होने वाला है।

 

भारत का मुकाबला यूएई से आज

NBT रिपोर्ट /दुबई: खिताब का प्रबल दावेदार भारत एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। भारत को अपना अगला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है और उस 'बिग मैच' से पहले टीम इंडिया को सही संतुलन की तलाश होगी। हेड कोच गौतम गंभीर यदि अपनी पुरानी रणनीति पर ही बरकरार रहते हैं तो वो इस पहले मुकाबले में ऑलराउंडर्स के जरिए टीम में पर्याप्त संतुलन स्थापित करने की कोशिश करेंगे।

ऑलराउंडर्स को तरजीहः

गंभीर के कार्यभार संभालने के बाद से भारत ने सभी फॉर्मेट में ऑलराउंडर को प्राथमिकता दी है। ऐसा विशेषकर बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए किया गया है ताकि आठवें नंबर तक उसके पास अच्छे बल्लेबाज रहें। अमीरात के भारत खिलाफ मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले अभ्यास मैच की तरह होगा। कमजोर मानी जाने वाली यह टीम भारतीय टीम मैनेजमेंट को इस बात का अंदाजा देगी कि टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए किस कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरना बेहतर होगा। यूएई के खिलाड़ियों के लिए यह सबसे बड़ा मैच होगा।

जसप्रीत बुमराह का सामना करना या शुभमान गिल को गेंदबाजी करना किसी एसोसिएट देश के क्रिकेटर के जीवन में आम बात नहीं है और एशिया कप उन्हें खेल के वास्तविक माहौल से अवगत कराएगा।

 

 

 

भारतीय टीम में संजू सैमसन बनाम जितेश शर्मा की पहेली फिलहाल सुलझ गई है। जितेश की फिनिशर की भूमिका को सैमसन की विस्फोटक बल्लेबाजी पर प्राथमिकता मिलना तय है। टॉप ऑर्डर में शुभमान गिल की वापसी से भी सैमसन के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बना पाना मुश्किल हो गया है। गिल अब अभिषेक शर्मा के साथ बैटिंग का आगाज करेंगे। ऐसे में तीसरा नंबर बचता है, लेकिन इस स्थान पर तिलक वर्मा ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे वह टी20 वर्ल्ड रैंकिंग्स में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव तीसरे या चौथे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।



बुमराह के साथ हो सकते है अर्शदीपः

इसके बाद ऑलराउंडर का नंबर आता है जिसमें हार्दिक पंड्या महत्वपूर्ण हैं। वह एक उपयोगी तेज गेंदबाज होने के साथ कुशल बल्लेबाज भी हैं। नंबर छह पर विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश आरसीबी की तरफ से आईपीएल में किए गए प्रदर्शन को देखते हुए फिट बैठते हैं। इसके बाद अक्षर पटेल का नंबर आता है जो कुशल स्पिनर होने के साथ उपयोगी बल्लेबाज भी है। मौजूद समय में दुनिया के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों में शुमार तेज गेंदबाज Jasprit Bumrah और भारत के सबसे सफल टी20 गेंदबाज अर्शदीप सिंह का चयन तय है, जिसके बाद नीचे के क्रम में सिर्फ दो स्थान बाकी रह जाते हैं।


अक्षर के अलावा दूसरे स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हो सकते हैं। कुलदीप पर लेना होगा फैसलाः एक स्थान के लिए कुलदीप यादव और शिवम दुबे के बीच मैनेजमेंट को फैसला लेना होगा। शिवम ऑलराउंडर है और बैटिंग में गहराई देंगे। स्पिनर्स के खिलाफ उनकी पावर हिटिंग से सभी वाकिफ हैं। वहीं दूसरी ओर कुलदीप पिछले एशिया कप के प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे और बड़े मैचों के प्लेयर हैं। भारत को अगला मैच पाकिस्तान से खेलना है और वहां प्लेइंग इलेवन में कुलदीप अहम भूमिका निभा सकते हैं ऐसे में उन्हें यहां मौका मिल सकता है। दूसरी ओर यूएई के लिए यह टूर्नामेंट अपना कौशल दिखाने का एक शानदार अवसर है।


संभावित प्लेइंग XI

भारतः अभिषेक शर्मा, शुभमान गिल, तिलक वर्मा,  Suryakumar Yadav (कप्तान), हार्दिक पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।

यूएईः मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), आसिफ खान, मुहम्मद फारूक, हर्षित कौशिक, मुहम्मद जोहेब, मुहम्मद जवादुल्लाह, हैदर अली, जुनैद सिद्दीकी, रोहिद खान।


आमना-सामना

कुल मैच - 1
भारत जीता 1,
यूएई जीता- O


पिच और मौसम

एशिया कप के लिए ताजा पिचों को तैयार किया गया है। जिस पर तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, हमेशा की तरह यहां स्पिनर्स की भूमिका अहम होगी। गर्मी बहुत ज्यादा है और दोनों टीमों के प्लेयर्स के लिए यह एक अलग चुनौती होगी। न्यूनतम तापमान 32 डिग्री के करीब रहेगा।


सिर्फ दो देश ही हरा पाए हैं भारत को

भारत ने अब तक टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें सिर्फ दो ही देशों के हाथों उसे शिकस्त मिली। एशिया कप 2016 में भारत एक भी मुकाबला नहीं हारा था। उसने बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका, यूएई को शिकस्त दी थी। फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को आठ विकेट से रौंदते हुए खिताब जीता। एशिया कप 2022 में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना ग्रुप मुकाबला पांच विकेट से जीता, जिसके बाद हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 40 रन से जीत दर्ज की। इसके बाद चार सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ भारत को पांच विकेट से हार मिली थी। दो दिन बाद भारत को श्रीलंका के हाथों भी शिकस्त मिली। इन दो हार की वजह से भारत फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहा था।

टेलिकास्ट: रात 8 बजे से, सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर

कुछ आंकड़े

1) 81
रन पर भारत ने यूएई को रोक दिया था जब दोनों टीमों के बीच साल 2016 में पिछली और एकमात्र टी20 भिड़ंत हुई थी। यह टारगेट भारत ने 10.1 ओवर में ही हासिल कर लिया था।

2) 24
टी20 मैच जीते हैं भारत ने पिछले टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत से और गत चैंपियन को इस दौरान सिर्फ तीन मुकाबलों में ही हार का सामना करना पड़ा है।

3)
वनडे मैच भी खेले है यूएई ने भारत के खिलाफ और तीनों में ही उसे शिकस्त मिली है। भारत के हाथों यूएई को वनडे में पिछली हार 2015 वर्ल्ड कप में मिली थी।

#thebharatnews