आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ ED पहुंची कोर्ट

आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ ED पहुंची कोर्ट

आप विधायक अमानतुल्लाह खान की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं. शुक्रवार को दिल्ली वक्फ बोर्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने उनके खिलाफ कोर्ट शिकायत दर्ज कराई है. जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि अमानतुल्लाह समन पर पेश नहीं हो रहे हैं. ईडी की शिकायत पर अदालत शनिवार को सुनवाई करेगा.

लोकसभा चुनाव की हलचल के बीच आम आदमी पार्टी की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पहले ही शराब घोटाला मामले में जेल में बंद हैं। केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP के कार्यकर्ता अलग-अलग तरीकों से विरोध जाहिर कर रहे हैं। इस बीच AAP के विधायक अमानतुल्लाह खान पर भी ईडी ने अपना शिकंजा कसा है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में प्रवर्तन निदेशालय ने आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है। खान के ईडी के समन का पालन न करने पर यह शिकायत दर्ज की गई है। शनिवार को दिल्ली की अदालत इस मामले पर सुनवाई करेगी।

दिल्ली वक्फ बोर्ड में कथित भर्ती अनियमितताओं से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में ईडी ने खान को कई बार समन भेजा था। दरअसल अमानतुल्‍ला खान पर द‍िल्‍ली वक्‍फ बोर्ड का चेयरमैन रहते हुए व‍ित्तीय अन‍ियम‍ितताएं करने का आरोप है। मनी लॉन्‍ड्र‍िंग से जुड़े इस मामले में ईडी उनके ठ‍िकानों पर पहले छापेमारी भी कर चुकी है। दिल्ली वक्फ बोर्ड में भर्ती से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में दिल्ली हाईकोर्ट ने विधायक अमानतुल्लाह खान की अग्रिम जमानत अर्जी को प‍िछले महीने मार्च में खारिज कर दिया था। हाई कोर्ट ने कहा था क‍ि ईडी की ओर से बार-बार समन जारी होने के बावजूद अमानतुल्लाह खान पेशी पर शामिल नहीं हुए।