'10 दिन बाद बेटी की शादी, डर के चलते गांव में नहीं आ रहे पिता...' अलीगढ़ में बवाल के बाद दहशत कायम

'10 दिन बाद बेटी की शादी, डर के चलते गांव में नहीं आ रहे पिता...' अलीगढ़ में बवाल के बाद दहशत कायम

लोधा। गांव इब्राहिमपुर भीमपुर में बवाल के बाद हालात पटरी पर लौट रहे हैं, मगर ग्रामीण भय में हैं। सोमवार को बहुजन जनता दल की टीम गांव पहुंची तो उनके समक्ष ग्रामीणों का दर्द छलक उठा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस निर्दोष लोगों को फंसा रही है।

रामवती ने रोते हुए कहा कि 10 दिन बाद 13 फरवरी को उनकी बेटी की शादी है। पिता रिश्तेदारियों में न्योता देते घूम रहे थे। इस घटना से दो पहले निकले थे। अब पुलिस के डर के चलते घर नहीं लौट रहे हैं। बेटी की शादी कैसे होगी। पदाधिकारियों व पुलिस ने भरोसा दिलाया कि शादी में कोई अड़चन नहीं आएगी।

प्रतिमा स्थापित करते समय हुआ था बवाल

इब्राहिमपुर (भीमपुर) में 26 जनवरी की रात में बंचित जाति के लोगों ने ग्राम समाज की जमीन पर डॉक्टर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। 28 जनवरी की शाम को पुलिस प्रशासन ने प्रतिमा को उठाया, तभी बवाल हो गया था। लोगों ने पुलिस पर पथराव व फायरिंग कर दी। कई वाहनों में तोड़फोड़ की। छह वाहन फूंक दिए थे। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

बवाल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। फाइल फोटो।

पुलिस ने चार मुकदमे किए पंजीकृत

मामले में पुलिस ने चार मुकदमे पंजीकृत किए हैं। इसमें प्रधान के पति, पूर्व प्रधान समेत सात लोग जेल भेजे जा चुके हैं। अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात है। सोमवार को बहुजन जनता दल (खोड़ावाल) पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल खोड़ावाल गांव पहुंचे और महिलाओं से वार्ता की। लोगों ने कहा कि पुलिस अनुसूचित जाति के लोगों को प्रताड़ित कर रही है। अभद्र भाषा का प्रयोग करती है। अज्ञात में पंजीकृत रिपोर्ट के आधार पर किसी को भी पकड़कर जेल भेजा जा रहा है।

महिलाएं बोलीं, हम खाने के लिए मोहताज

महिलाओं ने कहा कि हम और हमारे बच्चे बेघर हो गए हैं। खाने को मोहताज हैं। अतुल खोड़ावाल के सामने महिलाएं फूट-फूट कर रोने लगीं। अतुल ने डीएम को पूरी अवगत कराया। इंस्पेक्टर रोरावर शिवशंकर गुप्ता भी साथ थे। उन्होंने आश्वस्त किया कि निष्पक्ष कार्रवाई होगी। निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा। बेटी की शादी में अड़चन नहीं आएगी।

12 को होगी महापंचायत, प्रतिमा स्थापित करेंगे

अतुल अतुल ने कहा कि निर्दोषों पर पंजीकृत मुकदमे को वापस लिया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इन्हीं मागों को लेकर शांत रक्षक बुद्ध विहार, शाहपुर कुतुब, पुराना बाइपास पर महापंचायत की जाएगी। वहां सभी की समस्या भी सुनी जाएगी। साथ ही इस दौरान डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को स्थापित किया जाएगा। महापंचायत की तैयारी को लेकर कई गावों का दौरा कर अधिक से अधिक लोगों को पहुंचने का आह्वान किया गया है।

ये थे मौजूद

इस मौके पर मेरठ जिलाध्यक्ष यश कुमार प्रधान, बुलंदशहर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र जाटव, बुलंदशहर जिला महासचिव राजकुमार जाटव, आगरा जिला अध्यक्ष फूल सिंह जाटव, मथुरा जिला अध्यक्ष शिवकुमार जाटव, जितेंद्र जाटव जिलाध्यक्ष हाथरस, तुलाराम जाटव अध्यक्ष अतरौली विधानसभा, नरेश जाटव अध्यक्ष खैर विधानसभा, मोनू शर्मा, दुष्यंत जाटव, रामप्रकाश आदि मौजूद रहे।