उत्तर प्रदेश : फ़र्रुख़ाबाद भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने विद्युत विभाग के JE को धमकाया, ट्रांसफ़ॉर्म चोरी की FIR वापस लेने के लिए JE पर दबाव बना रहे थे सांसद।
Uttar Pradesh
फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत का एक ऑडियो सामने आया है। इसमें वह ट्रांसफार्मर चोरी की FIR वापस न लेने पर बिजली विभाग के JE को धमका रहे हैं। वह कह रहे हैं, ''अगर FIR वापस नहीं ली, तो इतने जूते मरवाऊंगा कि तुम्हारे होश ठिकाने आ जाएंगे।

इस मामले में JE ने सांसद के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। हालांकि, सांसद ने अपनी सफाई में कहा कि JE मुझे अपना चपरासी समझकर बात कर रहा था। उसे नहीं पता कि जनप्रतिनिधि से कैसे बात की जाती है?
चलिए, सिलसिलेवार तरीके से बताते हैं...
दरअसल, 22 जुलाई को नगरिया बसोला गांव के ग्रामीणों ने बाढ़ में डूबे पास के गांव का ट्रांसफार्मर खोलकर अपने गांव में लगा लिया था। जब यह बात उस गांव के प्रधान को पता चली, तो उन्होंने अमृतपुर उपकेंद्र के JE होरीलाल को सूचना दे दी। उन्होंने बताया कि नगरिया बसोला के लोग हमारे गांव का ट्रांसफार्मर चोरी कर नाव पर लादकर ले गए। इस पर JE ने 6 लोगों पर FIR दर्ज करा दी।
FIR दर्ज होने के बाद ग्रामीण भाजपा सांसद मुकेश राजपूत के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने FIR खत्म करवाने के लिए सांसद से सिफारिश की। इसके बाद उन्होंने JE को फोन कर FIR वापस लेने के लिए कहा। मगर, JE ने इससे इनकार कर दिया, तो सांसद भड़क गए।
जेई ने कहा- सांसद से मुझे जान का खतरा
इसके बाद सांसद JE को गालियां देते सुनाई पड़ रहे हैं। इस मामले में JE ने कहा कि मैंने मामले में अधिशासी अभियंता व एक्सईएन को लिखकर दिया है कि सांसद से मुझे जान का खतरा है। मेरी सीएम योगी से गुहार लगाई है कि मेरा तबादला लखनऊ कर दिया जाए।
सांसद बोले- 5 हजार लेकर भी नहीं बदला था ट्रांसफार्मर
वहीं सांसद ने अपनी सफाई ने कहा कि ग्रामीणों से 5 हजार रुपए लेने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामीणों ने बाढ़ग्रस्त पड़ोसी गांव में रखा ट्रांसफार्मर लाकर अपने गांव में लगा लिया था। यदि चोरी किया होता, तो ट्रांसफार्मर खुले में रखने की बजाय बेच देते या फिर छिपाकर रखते।
उन्होंने कहा कि JE ने ग्रामीणों के खिलाफ ट्रांसफार्मर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मुकदमा वापस लेने के लिए 1 लाख रुपए की मांग की जा रही है। बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों को रोटी के लाले हैं, एक लाख रुपए कहां से देंगे। JE को जनप्रतिनिधि से भी बात करने की तमीज नहीं है। उन्होंने जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की ही समस्या रखी थी।
अधिशासी अभियंता बोले- मामले की जांच होगी
अधिशासी अभियंता विवेक अस्थाना ने बताया ,"ट्रांसफार्मर चोरी होने, ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज कराने व जेई को धमकी मिलने के मामले की कमेटी बनाकर जांच करवाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।

