प्रेमी ने नहीं माना तो पहले लगाया रेप का आरोप, फिर रची अपने बेटे के अपहरण की साजिश, मेरठ में महिला अरेस्ट
THE BHARAT NEWS
तफ्तीश में पुलिस को महिला की कहानी में कई खामियां दिखीं। घर का सीसीटीवी जानबूझकर बंद पाया गया। मोबाइल कॉल डिटेल ने नई कहानी बयां कर दी। पुलिस को पता चला कि सोनिया की शादी 15 साल पहले हुई थी।
प्रेमी ने नहीं माना तो पहले लगाया रेप का आरोप, फिर रची अपने बेटे के अपहरण की साजिश
रामबाबू मित्तल, मेरठ: मेरठ के सरधना क्षेत्र में शुक्रवार का दिन किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं रहा। 10 वर्षीय बच्चे के अचानक लापता होने की खबर ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सोशल मीडिया से लेकर गांव की गलियों तक, हर जगह सिर्फ एक ही चर्चा होती रही कि बच्चा कौन ले गया? लेकिन कुछ ही घंटों बाद जो सच सामने आया, उसने सभी को स्तब्ध कर दिया। यह पूरा मामला एक मां की खुद रची फर्जी अपहरण की कहानी निकला।
दबथुवा निवासी सोनिया ने दोपहर बाद पुलिस को फोन कर बताया कि उसका 10 वर्षीय बेटा स्कूल से लौटते समय लापता हो गया। उसने सीधा आरोप अपने पड़ोसी मोहित और अन्य तीन लोगों पर लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। स्वॉट, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की कई टीमें लगा दी गईं। गांव में तनाव बढ़ा तो नामजद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाने लगी। लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, मामला उतना ही उलझता गया।
प्यार, लालच और बदले का जाल
तफ्तीश में पुलिस को महिला की कहानी में कई खामियां दिखीं। घर का सीसीटीवी जानबूझकर बंद पाया गया। मोबाइल कॉल डिटेल ने नई कहानी बयां कर दी। पुलिस को पता चला कि सोनिया की शादी 15 साल पहले हुई थी और वह पति से विवाद के कारण मायके में रह रही थी। इस दौरान उसके गांव के ही युवक मोहित से प्रेम संबंध बन गए। सोनिया मोहित पर शादी का दबाव डाल रही थी। जब उसने इनकार किया तो महिला ने पहले उसके खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद समझौते के नाम पर पैसे की मांग शुरू हुई।
मोहित का परिवार पूरी रकम नहीं दे पाया तो महिला ने बदले की साजिश रच डाली। उसने अपने नए साथी संजय के साथ मिलकर अपने ही बेटे को छिपाकर रखा और मोहित पर अपहरण का झूठा केस ठोक दिया।
छिपाने की जगह नोएडा
सर्विलांस टीम ने महिला और उसके साथियों के फोन नंबरों की लोकेशन खंगाली तो एक बड़ा सुराग मिला। बच्चे की लोकेशन नोएडा के रामविहार कॉलोनी, गिरधरपुर छपरौला में ट्रेस हुई। मेरठ पुलिस की टीम रात में ही वहां पहुंची और बच्चे को संजय के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान संजय आराम से बच्चे को छिपाकर बैठा हुआ मिला।
कानून का शिकंजा शुरू
SP देहात अभिजीत कुमार और CO सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मोहित की मां इंद्रेश की तहरीर पर सोनिया और संजय के खिलाफ रंगदारी, फर्जी अपहरण और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

