'नीता अंबानी से 30 करोड़ और फ्लैट का ऑफर, वैभव सूर्यवंशी मुंबई से खेलेंगे', वायरल पोस्ट पर ललित मोदी ने खूब सुनाया
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि नीता अंबानी ने वैभव सूर्यवंशी को 30 करोड़ रुपये, एंटीलिया में फ्लैट और मालदीव में आइलैंड का ऑफर देकर मुंबई इंडियंस में शामिल होने को कहा है। इस पर आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने इसे पूरी तरह फेक न्यूज बताया।
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तबाही मचाने वाले 15 साल के वंडर किड वैभव सूर्यवंशी इस समय पूरे क्रिकेट जगत के केंद्र बने हुए हैं। मैदान पर उनके रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर उनको लेकर अफवाहों का बाजार भी बेहद गर्म है। इसी बीच इंटरनेट पर एक ऐसा दावा तेजी से वायरल हो रहा है जिसने क्रिकेट प्रेमियों के होश उड़ा दिए। दावे में कहा गया कि मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने वैभव को अपनी टीम में शामिल करने के लिए पैसों और आलीशान तोहफों की बौछार कर दी है। इस वायरल पोस्ट के सामने आने के बाद आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने खुद मोर्चा संभाला और इस अफवाह को फैलाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए आईपीएल के कड़े नियमों का पाठ पढ़ा दिया।
क्या लिखा है सोशल मीडिया की वायरल पोस्ट में
सोशल मीडिया पर एक फैन पेज द्वारा शेयर की गई पोस्ट में बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाले दावे किए गए थे। इस पोस्ट में अफवाह फैलाई गई कि मुंबई इंडियंस की ओनर नीता अंबानी ने वैभव सूर्यवंशी को MI से खेलने के लिए 30 करोड़ रुपये का ऑफर दिया है। इसके साथ ही यह भी दावा किया गया कि उन्हें मुकेश अंबानी के आलीशान घर एंटीलिया में एक फ्लैट और मालदीव में एक प्राइवेट आइलैंड देने की भी पेशकश की गई है। बात यहीं नहीं रुकी, पोस्ट में यह तक कह दिया गया कि Vaibhav Suryavanshi के माता-पिता को मुंबई इंडियंस में ट्रांसफर के लिए एक ब्लैंक चेक भी ऑफर किया गया है और वैभव ने इस बड़े फैसले को लेने के लिए कुछ समय मांगा है। दावा किया गया कि राजस्थान रॉयल्स के मालिक इस फैसले के बीच में आ रहे हैं, लेकिन अंतिम निर्णय वैभव के हाथ में ही है।
ललित मोदी ने रीट्वीट कर अफवाह उड़ाने वालों को खूब सुनाया
जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, आईपीएल के पूर्व कर्ता-धर्ता रहे ललित मोदी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए साफ किया कि ये सारे दावे पूरी तरह से बकवास और फर्जी हैं। ललित मोदी ने लिखा कि अगर वैभव को मुंबई इंडियंस में जाना भी है, तो उन्हें आधिकारिक तौर पर ट्रेड करना होगा। सोशल मीडिया पर ये जितने भी भारी-भरकम ऑफर्स की बात की जा रही है, उनका कोई वजूद नहीं है। अगर राजस्थान रॉयल्स उन्हें रिलीज भी करती है, तो उन्हें दोबारा ऑक्शन की पूरी प्रक्रिया से गुजरना होगा।
नियमों में इसकी कोई जगह नहीं
ललित मोदी यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे लिखा कि भले ही वैभव सूर्यवंशी भविष्य में दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ी बनेंगे, लेकिन आईपीएल में इस तरह के गुप्त और अंदरूनी डील्स की कोई जगह नहीं है। ललित मोदी ने नियमों का हवाला देते हुए आगे कहा कि हां, यह सच है कि आने वाले समय में वैभव सूर्यवंशी के पास इस धरती पर मौजूद किसी भी अन्य क्रिकेट खिलाड़ी से ज्यादा पैसा होगा, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रहे इन अफवाहों और साइड ऑफर्स की आधिकारिक आईपीएल नियमों में कोई जगह नहीं है। यह सब पूरी तरह से फेक न्यूज के अलावा और कुछ नहीं है।
क्या कहते हैं आधिकारिक आईपीएल नियम
ललित मोदी ने अपनी पोस्ट से यह साफ कर दिया कि आईपीएल एक बेहद पारदर्शी और कड़े नियमों के तहत चलने वाला टूर्नामेंट है। लीग में किसी भी तरह की डायरेक्ट डील की अनुमति नहीं होती है। कोई भी फ्रेंचाइजी किसी अन्य टीम के खिलाड़ी को सीधे पैसे, फ्लैट या कोई अन्य गुप्त तोहफा देकर अपनी टीम में शामिल नहीं कर सकती। यदि मुंबई इंडियंस को वैभव को अपनी टीम में लाना है, तो उन्हें या तो ट्रेडिंग विंडो के दौरान राजस्थान रॉयल्स से आधिकारिक बातचीत करनी होगी, या फिर मेगा ऑक्शन में उन पर सही नियमों के तहत बोली लगानी होगी

