यूं ही नहीं कहते तानाशाह! बाढ़ देख भड़क उठे किम, 30 अफसरों को फांसी पर लटकाया
उत्तर कोरिया में गलती की कोई गुंजाइश नहीं होती. अधिकारी हों या आम नागरिक, तानाशाह के राज में गलती या लापरवाही की सजा मौत होती है. जी हां, ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि उत्तर कोरिया में 30 अधिकारियों को एक साथ फांसी की सजा दी गई है.
उनकी गलती यह थी कि वे सभी बाढ़ की तबाही रोक पाने में विफल रहे थे. हालांकि, उन पर करप्शन के भी चार्ज थे. बाढ़ की तबाही देखर किम जोंग उन इस कदर भड़क उठे कि उन्होंने 30 अधिकारियों को एक साथ एक ही जगह फांसी पर लटका दिया.
न्यूयॉर्क पोस्ट रिपोर्ट की मानें तो तानाशाह किम जोंग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था. बाढ़ की विभीषिका देखकर वह क्रोधित हो चुके थे. बाढ़ में 4000 लोगों की मौत से वह इस कदर आहत हुए कि उन्होंने आव न देखा ताव, तुरंत उत्तर कोरिया में बाढ़ में लापरवाही बरतने के आरोप में 30 अधिकारियों को मौत के घाट उतार दिया. इस बाढ़ में 4,000 लोग मारे गए थे. यह जानकारी दक्षिण कोरियाई मीडिया ने दी है.

