बाइनेंस ने को-फाउंडर ‘यी हे’ को बनाया को-सीईओ, यूजर्स पहुंचे 300 मिलियन के करीब

दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज, बाइनेंस ने अपनी को-फाउंडर ‘यी हे’ (Yi He) को को-सीईओ नियुक्त किया है। बाइनेंस ब्‍लॉकचेन वीक के दौरान यह घोषणा की गई।

दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज, बाइनेंस ने अपनी को-फाउंडर ‘ यी हे ’ ( Yi He ) को सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी को-सीईओ नियुक्त किया है। यह घोषणा बाइनेंस ब्‍लॉकचेन वीक के दौरान हुई। यह कदम ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर में बाइनेंस के 300 मिलियन (30 करोड़) के करीब रजिस्‍टर्ड यूजर्स हो गए हैं। नया साझा लीडरश‍िप मॉडल ऐसे समय में लागू किया गया है जब डिजिटल असेट इंडस्‍ट्री में लगातार विस्तार हो रहा है और रेगुलेटरी जांच भी बढ़ रही है।

CEO रिचर्ड टेंग ने इस नियुक्ति को कंपनी के लीडरश‍िप स्‍ट्रक्‍चर में एक स्वाभाविक विकास बताया। उन्‍होंने कहा कि बाइनेंस के लॉन्च के बाद से ही ‘यी’ एग्जीक्यूटिव टीम का अहम हिस्सा रही हैं। उनकी नई सोच और यूजर्स पर ध्यान देने वाले तरीके ने कंपनी के विजन, संस्कृति और बिजनेस स्ट्रैटि‍जी को आकार दिया है। टेंग ने कहा कि ‘यी’ आगे भी कंपनी को तरक्की की राह पर ले जाती रहेंगी।

टेंग ने कम्प्लायंस (नियमों का पालन) और दुनिया भर के नियामकों के साथ अपने जुड़ाव को बढ़ाने की महत्वाकांक्षाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब हम एक अरब यूजर्स तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं तो ‘यी’ हमारी कम्‍युनिटी को बढ़ाने और प्रोडक्‍ट इनोवेशन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्‍होंने कहा कि हम साथ में मिलकर वेब3 इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और वित्तीय आजादी को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहेंगे।

‘यी हे’ ने कंपनी में अपनी नई नियुक्ति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति रिचर्ड टेंग के साथ साझा नेतृत्व की सोच और कंपनी के यूजर बेस के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्‍होंने कहा कि मुझे रिचर्ड के साथ मिलकर काम करने का गर्व है। उनके पास रेगुलेटेड फाइनेंशियल मार्केट में दशकों का अनुभव है। ‘यी हे’ ने कहा कि हम मिलकर अलग-अलग सोच रखते हैं और पूरा भरोसा है इस महत्वपूर्ण समय में इंडस्‍ट्री के भविष्य का नेतृत्व करेंगे। हम जिम्मेदारी के साथ अपनी वैश्विक उपस्थिति बढ़ाएंगे और अपने यूजर्स को केंद्र में रखकर टिकाऊ इनोवेशन को बढ़ावा देंगे।


यी हे: बाइनेंस के विकास में एक बड़ा नाम

‘यी हे’ बाइनेंस में सिर्फ एक को-फाउंडर के तौर पर ही नहीं जानी जातीं। वह कंपनी के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। ‘यी हे’ अक्सर यूजर्स से सीधे बात करती हैं और कस्‍टमर सर्विस को बहुत महत्व देती हैं। उन्‍होंने बाइनेंस की अंदरूनी संस्कृति को खास पहचान दी है। उनके साथ काम करने वाले लोग बताते हैं कि उनकी लीडरश‍िप का तरीका बहुत एक्‍ट‍िव और लोगों से जुड़ा हुआ है। वह खुद आगे बढ़कर काम करती हैं और कम्‍युनिटी को साथ लेकर चलती हैं। ‘यी हे’ का मानना है कि किसी भी प्रोडक्ट को बेहतर बनाने के लिए कस्‍टमर्स की राय जानना बहुत जरूरी है। वह इस बात पर भरोसा करती हैं कि यूजर के फीडबैक से अच्छे प्रोडक्ट बनाए जा सकते हैं।


सिचुआन के गांव से ग्लोबल क्रिप्टो स्टेज तक

दुनिया के प्रमुख वित्तीय प्रकाशनों के अनुसार, ‘यी हे’ चीन के सिचुआन प्रांत के एक ग्रामीण इलाके में पली-बढ़ीं। बाद में उन्होंने यूनिवर्सिटी की पढ़ाई पूरी की और टीवी होस्ट के तौर पर काम किया। इसके बाद उन्होंने ब्लॉकचेन की दुनिया में कदम रखा।

क्रिप्टोकरेंसी को लेकर शुरुआत में लोगों को बहुत शक था। ‘यी हे’ ने उस मुश्किल दौर को पार किया। उन्होंने कहा कि उस समय ने उन्हें सिखाया कि जल्दी-जल्दी बदलने वाले ट्रेंड्स के पीछे भागने से अच्छा है कि एक मजबूत नींव बनाई जाए। Binance में काम करने वाले उन्हें एक ऐसी लीडर मानते हैं जो बहुत सोच-समझकर फैसले लेती हैं और काम में बहुत बारीकी रखती हैं। उन्हें अपनी टीम को बेहतर बनाने और काम को सही तरीके से करने में खास दिलचस्पी है। ‘यी हे’ ने Binance में एक खास सोच को बढ़ावा दिया है, जिसे वह 'फाउंडर कल्चर' कहती हैं। इसका मतलब है कि कंपनी के हर सदस्य को एक फाउंडर की तरह सोचना चाहिए। इससे कंपनी में फुर्ती आती है और फैसले जल्दी लिए जाते हैं। यह सोच कंपनी के आकार पर निर्भर नहीं करती। चाहे कंपनी छोटी हो या बड़ी, हर कोई तेजी से काम कर सकता है।


नेक्स्ट-जेन Web3 इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर रणनीतिक कदम

को-CEO के तौर पर ‘यी हे’ की नियुक्ति बाइनेंस में उनकी लंबे समय से चली आ रही लीडरशिप को और मजबूत करती है। यह नियुक्‍ति‍ ऐसे समय में हुई है जब बाइनेंस दुनियाभर में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है और ट्रांसपेरेंसी, इनोवेशन और जिम्‍मेदार ग्रोथ पर ध्‍यान केंद्र‍ित कर रही है। 300 मिलियन से अधिक यूजर्स के साथ बाइनेंस, डिजिटल एसेट्स को वित्तीय दुनिया में और गहराई से जोड़ने का काम कर रही है। लीडरश‍िप में यह परिवर्तन बाइनेंस की लंबी अवधि की योजना, नियमों का पालन करने और यूजर्स के लिए नए समाधान लाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ‘यी हे’ का नया पद कंपनी के लिए की गई उनकी सेवाओं का सम्मान है। यह बाइनेंस को क्रिप्टो अपनाने के अगले बड़े चरण में आगे बढ़ने में मदद करेगा।