गुजरात में SIR के दौरान महिला कर्मचारी की तबीयत बिगड़ने पर मौत, एक दिन पहले BLO ने किया था सुसाइड
THE BHARAT NEWS, GUJRAT
Gujarat SIR News: वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का काम जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है। वैसे कुछ दुखद घटनाएं भी सामने आ रही है। दो बीएलओ की जान जाने के बाद अब बीएलओ की एक सहायक महिला कर्मचारी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। यह दुखद घटना वडोदरा में सामने आई है।
गुजरात के वडोदरा में बीएलओ की सहायक महिला कर्मचारी की मौत।
अहमदाबाद/वडोदरा: गुजरात में वोटर लिस्ट के स्पेशल रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के बीच अब वडोदरा से दुखद घटना सामने आई है। जिले में बीएलओ की सहायक महिला कर्मचारी की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। राज्य में दो बीएलओ की जान भी जा चुकी है। एक दिन पहले राज्य के गिर सोमनाथ जिले में एक बीएलओ ने मानसिक रूप से परेशान होने के बाद आत्महत्या कर ली थी। 40 साल के शिक्षक अरविंद वढेर ने सुसाइड नोट में लिखा था कि मैं अब और SIR का काम नहीं करत सकता हूं।
चल रहा थी फॉर्म की चेकिंग
जानकारी के अनुसार वडोदरा शहर के सयाजीगंज के प्रताप विद्यालय में वोटर लिस्ट के लिए फॉर्म चेकिंग का काम चल रहा था, उसी दौरान बीएलओ वैशालीबेन पटेल की असिस्टेंट के तौर पर काम कर रही उषाबेन सोलंकी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। इस घटना से दूसरे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। गोरवा ITI में कर्मचारी के तौर पर काम कर रही उषाबेन सोलंकी SIR प्रक्रिया के तहत असिस्टेंट के तौर पर नियुक्त थीं। तेज धूप लगातार खड़े होकर काम करने और बढ़ते प्रेशर के बीच उन्हें अचानक चक्कर आया और वे जमीन पर गिर गईं। उनके साथियों ने तुरंत फर्स्ट एड देने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं होने पर उन्हें पहले एक रिक्शे में डालकर पास की जगह ले जाया गया। उसके बाद, उन्हें 108 इमरजेंसी एम्बुलेंस से सयाजी हॉस्पिटल ले जाया गया।
डॉक्टर नहीं बचा पाए जान
डॉक्टरों ने उषाबेन का तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन पूरी कोशिश के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया गया है कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही उषाबेन का परिवार अस्पताल पहुंचा और वहां गमगीन माहौल बन गया। उषाबेन सोलंकी की दुखद मौत से कर्मचारियों में दुख और नाराज़गी की भावना फैल गई है। बीएलओ की सहायक महिला कर्मचारी की मौत पर अभी वडोदरा जिला प्रशासन की तरफ कोई आधिकारिक बयान साझा नहीं किया गया है।

