उत्तर प्रदेश सेवा सम्मान 2025 : सिद्धार्थनगर में इतिहास रच गया भव्य आयोजन
सिद्धार्थनगर:

31 अगस्त 2025 का दिन सिद्धार्थनगर जिले के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। लोहिया कला भवन में भारती युवा वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा भव्य स्तर पर आयोजित “उत्तर प्रदेश सेवा सम्मान 2025” ने जिले ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर सिद्धार्थनगर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कुल 142 लोगों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और समाजहित में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मानित व्यक्तियों में ग्राम प्रधान, समाजसेवी, पुलिस बल, आशा वर्कर, सफाई कर्मचारी, स्वास्थ्य कर्मी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल रहे। यह कार्यक्रम समाज के उन अनसुने नायकों को सामने लाने का प्रयास था, जो निस्वार्थ भाव से प्रदेश और समाज के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने वाले विशिष्ट अतिथि

इस अवसर पर जिले की राजनीति, प्रशासन और समाजसेवा जगत की कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं। बतौर मुख्य अतिथि सदर विधायक श्यामधनी राही, सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, जिला जेल अधीक्षक सचिन वर्मा, डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह तथा प्रधान संघ अध्यक्ष गंगा मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया।
प्रशासनिक विभाग से SOG प्रभारी जीवन त्रिपाठी, उनकी टीम, राजीव शुक्ला, आशुतोष दुबे, तथा जोगिया थाना प्रभारी मीरा चौहान समेत कई पुलिसकर्मी भी सम्मानित हुए।
सांस्कृतिक रंगों से सजा समारोह

कार्यक्रम की खासियत सिर्फ सम्मान तक सीमित नहीं रही, बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का दिल जीत लिया। बनारस से आए भोजपुरी स्टार गायक अनिकेत और विजेता ने अपनी मधुर आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं प्रसिद्ध कवि अरुणेश विश्वकर्मा और कवयित्री सलोनी उपाध्याय ने राष्ट्रप्रेम, वीर रस और सौंदर्य से ओतप्रोत अपनी कविताओं की प्रस्तुति से सभागार को बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा दिया।
कार्यक्रम का संचालन कुशल वक्ता राणा प्रताप सिंह ने अपनी अनूठी शैली में किया, जिससे पूरे समारोह में ऊर्जा बनी रही।
सफल आयोजन के लिए युवा टीम को सराहना

इस भव्य आयोजन की अगुवाई भारती युवा वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित नारायण ने की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता का श्रेय उनकी युवा टीम को जाता है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर इसे भव्य रूप दिया।
टीम के रमेश वर्मा के विशेष योगदान को सराहा गया, साथ ही राजा मिश्रा, दिलीप सोनी, राजन चौबे, सचमुच त्रिपाठी, मनोज गुप्ता, सौरभ पंछी, अभिषेक मिश्रा, अशरफ, मोहम्मद हुसैन, विकास श्रीवास्तव आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा।
जिले में त्योहार जैसा माहौल

संपूर्ण आयोजन अत्यंत व्यवस्थित और अनुशासित रहा। सभी अतिथियों एवं सम्मानित जनों के लिए उत्कृष्ट भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। समारोह की भव्यता और अनुशासन ने जिले में इसे एक त्योहार जैसा माहौल प्रदान कर दिया।
सम्मानित लोगों और उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ऐसा सुंदर और गरिमामयी आयोजन आज तक सिद्धार्थनगर में नहीं हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित नारायण की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कदम समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
जन-जन की जुबान पर गूंजा “उत्तर प्रदेश सेवा सम्मान”
सम्पूर्ण कार्यक्रम ने जिले में एक नई पहचान बनाई है। आज सिद्धार्थनगर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों में भी “उत्तर प्रदेश सेवा सम्मान” और भारती युवा वेलफेयर एसोसिएशन की चर्चा हो रही है। लोग इसे जिले का अब तक का सबसे सफल और प्रेरणादायी आयोजन बता रहे हैं।

इस भव्य आयोजन ने सिद्धार्थनगर की धरती पर यह संदेश दिया कि जब समाज और संगठन मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो बदलाव की नई इबारत लिखी जा सकती है


Hindustan News Network