गुवाहाटी टेस्ट से पहले मुंबई लौटे गिल, डॉक्टर की निगरानी में करेंगे आराम, वनडे सीरीज में खेलने पर फैसला नहीं

गुवाहाटी टेस्ट से पहले मुंबई लौटे गिल, डॉक्टर की निगरानी में करेंगे आराम, वनडे सीरीज में खेलने पर फैसला नहीं

THE BHARAT NEWS

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। वह गुवाहाटी से मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं।

शुभमन गिल गुवाहाटी से मुंबई गए

गुवाहाटी: टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम से रिलीज कर दिया गया है। वह शुक्रवार को मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। गिल 19 नवंबर को टीम के साथ गुवाहाटी पहुंचे थे, लेकिन 20 नवंबर को ट्रेनिंग के लिए नहीं आए। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मुताबिक वह मुंबई में दो-तीन दिन आराम करेंगे और फिर डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला से विशेषज्ञ सलाह लेंगे। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 22 नवंबर से टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच होगा।


पहले टेस्ट में गर्दन में हुई थी दिक्कत

शुभमन गिल को कोलकाता टेस्ट के दौरान गर्दन में दिक्कत हो गई थी। मैच के दूसरे दिन वह बल्लेबाजी के लिए आए और कुछ गेंद खेलने के बाद ही गर्दन में दिक्कत हो गई। फिजियो ने आकर उन्हें चेक किया और फिर रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भी भर्ती करवाना पड़ा। उन्होंने इसके बाद मैच में हिस्सा नहीं लिया। टीम के साथ गिल गुवाहाटी आए लेकिन अब दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।

 

ऋषभ पंत करेंगे टीम की कप्तानी

शुभमन गिल के नहीं खेलने पर ऋषभ पंत कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम प्रबंधन को प्लेइंग इलेवन को लेकर कुछ मुश्किल फैसले लेने होंगे। गिल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। टीम को उनकी जगह साई सुदर्शन या नीतीश कुमार रेड्डी को बल्लेबाजी के लिए भेजना पड़ेगा। वहीं माना जा रहा है कि अक्षर पटेल को बेंच पर भेजा जा सकता है। मैच से एक दिन पहले हुई ट्रेनिंग में केवल केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और सुदर्शन ही शामिल हुए थे।



फिटनेस साबित करना चाहते थे गिल

शुभमन गिल अपनी फिटनेस साबित करके गुवाहाटी टेस्ट में खेलना चाहते थे। लेकिन गौतम गंभीर के नेतृत्व वाला टीम प्रबंधन जोखिम लेने को तैयार नहीं थी। गिल नेट्स पर बैटिंग करना चाहते थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 29 नवंबर से भारतीय टीम को वनडे सीरीज भी खेलनी है। अभी गिल के उस सीरीज में खेलने पर स्थिति साफ नहीं है।