अलीगढ़: गंगीरी में युवक की गोली मारकर हत्या

अलीगढ़: गंगीरी में युवक की गोली मारकर हत्या

थाना क्षेत्र के गांव नगला हिमाचल में मंगलवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव चाचा के घर के समीप पड़ा मिला, उसके शरीर मात्र एक अंगोछा लिपटा हुआ था। पत्नी ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ मोबाइल चोरी के मामले में हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

थाना पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग पांच बजे ऋषि कुमार (30) का शव गांव में ही एक स्थान पर पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी गई। युवक की पीछे से कान के पास गर्दन में गोली मारकर हत्या की गई थी। शरीर पर एक अंगोछा लिपटा हुआ था। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की पूछताछ के दौरान ऋषि की पत्नी ललिता ने बताया कि उनके घर में शौचालय नहीं है, रात को उसे दस्त होने पर करीब 11:30 बजे ऋषि ललिता को अपने चाचा सौदान सिंह के घर छोड़ आया था, वह अपनी आठ माह की बेटी को भी साथ ले गई थी। पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में पत्नी ललिता , चाचा के साथ गांव के कुछ लोगों से पूछताछ की।

पत्नी ने दी तीन लोगों के खिलाफ तहरीर

घटन के संबंध में देर शाम पत्नी ललिता ने तहरीर दी है, जिसमें कहा गया है कि गांव के एक व्यक्ति का मोबाइल गायब हो गया था, उस व्यक्ति ने ऋषि पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था, जिसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में उक्त व्यक्ति ने अपने ददो अन्य साथियोंं के सहयोग से गोली मारकर हत्या की है। देर शाम पुलिस का कहना था कि अभी तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।

चाचा के बेटे की शादी के लिए 10 दिन पहले गांव आया था

ऋषि के परिजनों ने बताया कि ऋषि तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, उसकी दो साल पहले हुई थी। बीच के भाई सोनू की शादी नहीं हुई है, सबसे छोटे भाई राहुल की शादी हो चुकी है। माता-पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका है। ऋषि और सोनू अपने हिस्से की जमीन को बेच चुके हैं, तीनों भाई ड्राइवर हैं। परिजनों के मुताबिक ऋषि हरियाणा के किसी शहर में ट्रक चलाता था। चाचा सौदान सिंह के बेटे की 10 दिन पूर्व शादी में शामिल होने के लिए वह गांव में आया हुआ था। पति के बाहर रहने के दौरान पत्नी मायके में रहा करती थी। कुछ ग्रामीण अवैध संंबंधों को लेकर हत्या से जोड़ रहे थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत, शाम को की गई अंत्येष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत होना आया है।शव देर शाम गांव आ गया, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। हत्या की जानकारी पर ऋषि के दोनों भाई भी गांव आ गए थे।

पुलिस क्षेत्राधिकारी धनंजय ने बताया कि ऋषि की गोली मारकर हत्या की गयी है। हत्या के खुलासे के लिए चार टीम गठित की गई हैं। मृतक की पत्नी व चाचा सहित कई लोगों से पूछताछ की गई है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था है।